UN General Assembly: UN में आज जुटेंगे 193 देशों के नेता, ट्रंप और ईरान के राष्ट्रपति की मुलाकात पर सबकी नजर! इन मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र यानी UN की जनरल डिबेट आज से शुरू हो रही है। यह बैठक 28 सितंबर तक चलेगी। न्यूयॉर्क में होने वाली इस बैठक में दुनिया के 193 देशों के नेता या उनके बड़े अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान अलग-अलग देशों को अपनी बात रखने का मौका मिलेगा। इस बार अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के कारण दोनों देशों के नेताओं पर खास नजर रहेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के राष्ट्रपति से मिलने की इच्छा जताई है। दोनों नेता एक ही शहर में मौजूद रहेंगे। ऐसे में अगर दोनों के बीच बातचीत होती है तो यह काफी अहम मानी जाएगी।
UN जनरल डिबेट क्या है?
साफ शब्दों में कहें तो यह UN का बड़ा सालाना कार्यक्रम है। इसमें सदस्य देशों के नेता दुनिया के सामने अपने देश की बात रखते हैं। हर देश को अपनी बात कहने का मौका मिलता है। यहां देश अपने सामने मौजूद समस्याओं, अपनी जरूरतों और दुनिया से जुड़े बड़े मुद्दों पर चर्चा करते हैं। इसमें युद्ध, सुरक्षा, व्यापार, गरीबी और शांति जैसे विषय शामिल हो सकते हैं। इसे ‘जनरल डिबेट’ कहा जाता है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि नेता एक-दूसरे से आमने-सामने बहस करते हैं। हर देश का प्रतिनिधि UN महासभा के मंच से अपना भाषण देता है।
इस दौरान होती हैं कई अहम मुलाकातें
जनरल डिबेट के समय सिर्फ भाषण ही नहीं होते। अलग-अलग देशों के नेता आपस में मुलाकात भी करते हैं। इन बैठकों में कई जरूरी मुद्दों पर बातचीत होती है। देशों के बीच व्यापार, सुरक्षा, युद्ध, शांति और आपसी संबंधों को लेकर चर्चा होती है। कई बार ऐसी मुलाकातों से आगे की बातचीत का रास्ता भी खुलता है। इसी वजह से सितंबर में होने वाला UN का यह कार्यक्रम दुनिया की कूटनीति के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। इस बार अमेरिका और ईरान के बीच संभावित बातचीत भी इसका बड़ा हिस्सा हो सकती है।
यह भी पढ़े -पीएम मोदी से मुलाकात के बाद मलेशिया ने दिखाई ब्रह्मोस मिसाइल में रुचि, चीन की बढ़ सकती है चिंता
ब्राजील पहले और अमेरिका दूसरे नंबर पर क्यों?
जनरल डिबेट की शुरुआत ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के भाषण से होगी। उनके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भाषण देंगे। ब्राजील का सबसे पहले बोलना काफी पुरानी परंपरा है। UN की शुरुआत के समय कोई देश पहला भाषण देने के लिए आगे नहीं आना चाहते थे, तब ब्राजील ने यह जिम्मेदारी ली थी। बाद में यह एक परंपरा बन गई थी। वहीं, ब्राजील के बाद अमेरिका की बारी आती है क्योंकि UN का मुख्यालय न्यूयॉर्क में है और अमेरिका मेजबान देश है।
Created On :   22 Sept 2026 9:43 AM IST











