Japan News: जापान में 5.9 तीव्रता का तेज भूकंप, टोक्यो तक कांपी धरती, 23 लोग घायल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली।जापान में रविवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। दक्षिणी इबाराकी इलाके में आए इस भूकंप की तीव्रता 5.9 बताई गई है। झटके टोक्यो और आसपास के कई इलाकों तक महसूस हुए। अचानक धरती हिलने से लोग घबरा गए। कई लोग नींद से उठते समय गिर गए जिससे उन्हें चोट लगी। अलग-अलग जगहों पर कुल 23 लोगों के घायल होने की खबर है। राहत की बात यह है कि भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया। कुछ ट्रेनें देर से चलीं, कई घरों की बिजली चली गई और टोक्यो में पानी की पाइपलाइन भी टूट गई।
दक्षिणी इबाराकी में हिली धरती
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप दक्षिणी इबाराकी में आया। इसकी गहराई जमीन से करीब 70 किलोमीटर नीचे थी। जापान में अक्सर भूकंप आते हैं, इसलिए यहां ऐसी घटनाओं को लेकर प्रशासन सतर्क रहता है। अमेरिकी एजेंसी USGS ने इसकी शुरुआती तीव्रता 5.8 बताई थी।
चार प्रांतों में 23 लोग घायल
भूकंप से साइतामा में 9, कानागावा में 9, चिबा में 4 और इबाराकी में 1 व्यक्ति के घायल होने की जानकारी है। ज्यादातर लोगों को मामूली चोट लगी। कई लोग अचानक झटका आने पर बिस्तर से उठते समय गिर गए या आसपास रखी चीजों से टकरा गए। कानागावा के योकोहामा में 80 साल की एक महिला बिस्तर से गिर गई। उसके कूल्हे में गंभीर चोट आई।
ट्रेनें प्रभावित, बिजली-पानी भी बंद
भूकंप के असर से टोक्यो और नारिता एयरपोर्ट के बीच चलने वाली कुछ एक्सप्रेस ट्रेनें देर से चलीं। कुछ स्थानीय ट्रेनें भी प्रभावित हुईं लेकिन बुलेट ट्रेन सामान्य चलती रही। टोक्यो के कोटो इलाके में पानी की पाइप टूटने से सड़क पर पानी भर गया। करीब 460 घरों की बिजली भी चली गई थी जिसे बाद में ठीक कर दिया गया। सरकार ने नुकसान का पता लगाने के लिए एक टीम बनाई है।
Created On :   23 Aug 2026 10:26 AM IST












