ब्रिक्स शिखर सम्मेलन: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आएंगे भारत, दिल्ली में आयोजित समिट में होंगे शामिल

डिजिटल डेस्क, भोपाल। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव, दक्षिण अफ्रीका स्थित रूसी दूतावास ने ट्वीट पर पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी। आपको बता दें भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। 6 महीने के भीतर पुतिन का यह दूसरा भारत दौरा होगा। मिली जानकारी के अनुसार इसके बाद पीएम मोदी भी रूस दौरे पर जाएंगे।
पश्चिम एशिया तनाव, यूएस -चीन प्रतिस्पर्धा, रूस-यूक्रेन जंग और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के बीच BRICS खुद को पश्चिमी देशों के प्रभाव के मुकाबले एक वैकल्पिक मंच के रूप में पेश करने की कोशिश में जुटा है। भारत की अध्यक्षता के दौरान पूरे साल देश के अलग-अलग शहरों में कई मीटिंग्स , मंत्रीस्तरीय सम्मेलन और कार्यकारी समूहों की चर्चाएं आयोजित हो रही हैं।
आपको बता दें BRICS विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी इस महीने की शुरुआत में भारत आए थे। बैठक में सुरक्षा को लेकर आतंकवाद और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा हुई, जिसमें लावरोव ने भी हिस्सा लिया। विदेश मंत्रियों की बैठक में भारत ने कहा दुनिया तेजी से बदल रही है और ऐसे वक्त में ग्लोबल साउथ देशों के बीच सहयोग और अधिक जरूरी हो गया है। BRICS दुनिया की बड़ी उभरती अर्थव्यवस्थाओं का ग्रुप है, इस समूह में भारत, रूस, चीन, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका के अलावा अब मिस्र, ईरान, इथियोपिया, UAE और इंडोनेशिया जैसे नए सदस्य भी शामिल हो चुके हैं।
यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का 4 दिसंबर 2025 में भारत का पहला दौरा था, इस दौरे की विश्वभर में काफी चर्चा हुई थी। पुतिन के इस दौरे को जंग के चलते काफी खास माना गया था। इससे पहले रुसी प्रेसिडेंट 2021 में भारत की राजधानी नई दिल्ली आए थे। आपको बता दें दिसंबर दौरे के दौरान पुतिन और मोदी ने एक साथ पालम एयरपोर्ट से एक ही टोयोटा एसयूवी में पीएम आवास के लिए रवाना हुए थे।
यह भी पढ़े -जेपी नड्डा ने ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक के लिए सदस्य देशों के मंत्रियों को किया आमंत्रित
आपको बता दें 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए पुतिन ने दिसंबर 2025 में भारत का दौरा किया था, इस दौरे के दौरान ही पीएम मोदी ने आधिकारिक तौर पर पुतिन को ब्रिक्स समिट में शामिल होने का न्योता दिया था।
यह भी पढ़े -21 साल में 13 गुना बढ़ा ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार, 1.17 ट्रिलियन डॉलर पहुंचा आंकड़ा वाणिज्य सचिव
Created On :   19 May 2026 5:22 PM IST













