Karwa Chauth 2026: यहां जानें करवाचौथ व्रत से पहले क्या खाएं और क्या नहीं? इस एक गलती से दिनभर हो सकती है परेशानी

यहां जानें करवाचौथ व्रत से पहले क्या खाएं और क्या नहीं? इस एक गलती से दिनभर हो सकती है परेशानी
करवा चौथ के व्रत से पहले ऐसी चीजें खाएं, जो आपको दिनभर हाइड्रेट रखें। इसके साथ आपको इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि व्रत से पहले क्या नहीं खाना है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। करवा चौथ के त्योहार में अब सिर्फ हफ्ते भर का समय बचा है। इस पर्व का इंतजार सुहागिन महिलाएं सालभर करती हैं। करवा चौथ में महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। उनका व्रत सूर्योदय के साथ शुरू होता है और रात को चांद की पूजा के बाद वे अपना व्रत खोलती हैं। सभी महिलाएं जो व्रत रखती हैं उनके लिए दिनभर बिना अन्न-पानी के रहना काफी कठिन हो जाता है। इसलिए व्रत रखने से पहले यह जानना जरूरी है कि आपको व्रत से एक दिन पहले और सरगी में ऐसा क्या खाना चाहिए, जिससे आप व्रत के दौरान एनर्जेटिक महसूस करें। साथ ही ऐसे फूड्स को इग्नोर करें, जिन्हें खाने से व्रत के दौरान आपको समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

व्रत से एक दिन पहले भूलकर भी न खाएं ये चीजें

अधिक मसालेदार खाना

व्रत से पहले भूलकर भी स्पाइसी फूड न खाएं। अगर आप करवा चौथ के व्रत से पहले अधिक मसालेदार भोजन करते हैं, तो इससे आपकी सेहत बिगड़ सकती है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि मसालेदार खाने को पचने में अधिक समय लगता है। खाली पेट में जब यह खाना पच रहा होता है, तो आपको सीने में जलन की समस्या हो सकती है। इसके अलावा स्पाइसी फूड खाने से आपको एसिडिटी, बार-बार खट्टी डकार, सिर दर्द और पेट दर्द जैसी परेशानियां भी हो सकती हैं।

नमक

करवा चौथ के व्रत में महिलाएं पानी की एक बूंद भी नहीं पीतीं, इससे उन्हें डिहाइड्रेशन का सामना करना पड़ सकता है। इससे बचने के लिए व्रत से एक दिन पहले अधिक नमक खाने से परहेज करना चाहिए, क्योंकि नमक शरीर के अंदर मौजूद पानी को जल्दी सोखता है। ऐसे में आपको बार-बार प्यास लग सकती है और व्रत में पानी न पीने से आपको डिहाइड्रेशन से जूझना पड़ सकता है।

डेयरी प्रोडक्ट्स

व्रत से पहले बड़ी मात्रा में डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन करने से बचना चाहिए। खासकर रात के समय फुल फैट मिल्क लेने से परहेज करना चाहिए। डेयरी प्रोडक्ट्स में लैक्टोज की मात्रा अधिक होती है, जिसे डाइजेस्ट होने में अधिक समय लगता है। व्रत के दौरान इसके पाचन से आपको पेट दर्द, पेट फूलने और उल्टी जैसी प्रॉब्लम घेर सकती है।

ये चीजें खाने से आप रहेंगे एनर्जेटिक और हाइड्रेटेड

पानी वाले फल

व्रत के दौरान पानी की कमी को पूरा करने के लिए एक रात पहले आप ऐसे फल खा सकते हैं, जो आपके शरीर को हाइड्रेट रखें। आप तरबूज, खरबूज, खीरा, सेब, अनार जैसे फलों का सेवन कर सकते हैं। इन्हें खाने से आपको प्यास कम लगती है और व्रत वाले दिन शरीर में पानी की कमी नहीं होती।

नींबू-नारियल पानी

नींबू और नारियल पानी हमारी बॉडी को हाइड्रेट रखने में काफी मदद करते हैं। नारियल पानी में नैचुरल इलेक्ट्रोलाइट्स पाए जाते हैं, जो शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते। नींबू पानी पीने से हमारे शरीर की गर्मी और प्यास दोनों कम होती हैं।

मेवे और बीज

मेवे और बीज में मौजूद पोषक तत्व हमारी बॉडी को न्यूट्रिशन देते हैं। व्रत से पहले बादाम, अखरोट, किशमिश और मेवों का सेवन करना चाहिए। इन्हें अपनी भूख और खानपान की जरूरत के अनुसार शामिल करें।

Created On :  

Tags

Next Story