Jabalpur News: आदित्य बिरला हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी ने बीमित को नहीं दिया इलाज का भुगतान

आदित्य बिरला हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी ने बीमित को नहीं दिया इलाज का भुगतान
आरोप: अस्पताल की रिपोर्ट को नहीं मान रहे जिम्मेदार अधिकारी, कर रहे गोलमाल

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अस्पताल में इलाज के दौरान कैशलेस की सुविधा देने का दावा करने वाली बीमा कंपनी पॉलिसी धारक को सुविधा देने से इनकार कर रही है। पहले कैशलेस से मना किया जाता है और उसके बाद क्लेम नहीं देने के लिए अनेक प्रकार की खामियां निकालकर बीमित को परेशान किया जाने लगता है। ऐसी ही शिकायत महाराष्ट्र के परभणी निवासी दीपक कुमार ने की है। उन्होंने आदित्य बिरला हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी से स्वास्थ्य बीमा कराया था।

बीमित सदस्य का असमय स्वास्थ्य खराब हो गया और गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती होना पड़ा था। इलाज के दौरान बीमा कंपनी को सूचना देते हुए कैशलेस के लिए मेल किया गया, तो अनेक प्रकार की क्वेरी निकाली गईं और उसके बाद बिल सबमिट करने पर पूरा भुगतान का दावा करते हुए कैशलेस रिजेक्ट कर दिया गया। बीमित को अपने खर्च पर पूरा इलाज कराना पड़ा।

इलाज के बाद अस्पताल से मिले बिल व रिपोर्ट को बीमा कंपनी में सबमिट किया गया, तो वहां से क्लेम नंबर 31-25-0438912-00 जनरेट करते हुए जल्द भुगतान का दावा किया गया था। बीमित लगातार संपर्क करते आ रहे हैं पर उन्हें आज तक इलाज का भुगतान प्राप्त नहीं हो सका। बीमित का आरोप है कि उनके साथ जिम्मेदार गोलमाल कर रहे हैं और अस्पताल की रिपोर्ट को भी नहीं मान रहे हैं। वहीं इस संबंध में कंपनी प्रवक्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया पर संपर्क नहीं हो सका।

इन नंबरों पर बीमा से संबंधित समस्या बताएं

स्वास्थ्य बीमा से संबंधित किसी भी तरह की समस्या आपके साथ भी है तो आप दैनिक भास्कर मोबाइल नंबर- 9425324184, 9425357204 पर बात करके प्रमाण सहित अपनी बात दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक रख सकते हैं। संकट की इस घड़ी में भास्कर द्वारा आपकी आवाज को खबर के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Created On :   13 Oct 2026 3:58 PM IST

Tags

Next Story