- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 15 करोड़ के टैक्स चोरी मामले में...
Jabalpur News: 15 करोड़ के टैक्स चोरी मामले में सीमेंट और सरिया व्यापारी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सीजीएसटी की प्रिवेंटिव ब्रांच ने टैक्स चोरी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए एक व्यापारी को गिरफ्तार किया है। व्यापारी पर करीब 15 करोड़ रुपयों की कर चोरी का आरोप है। यह चोरी सीमेंट, सरिया और मकान निर्माण के उपयोग में आने वाली अन्य सामग्री के विक्रय पर की गई है। सीजीएसटी टीम टैक्स चोरी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है जिससे आगामी दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना है।
सीजीएसटी आयुक्तालय जबलपुर की निवारक शाखा द्वारा मेसर्स युवराज ट्रेडर्स गढ़ा के विरुद्ध की गई जांच में लगभग 71 करोड़ रुपयों के माल की अवैध खरीद-बिक्री के माध्यम से करीब 15 करोड़ की कर चोरी का मामला सामने आया है। सीजीएसटी कमिश्नर नीरज चौबे और संयुक्त आयुक्त अदीर पठान के निर्देशन में की गई गई कार्रवाई में बिना वैध बिल एवं उचित कर भुगतान के व्यापार किए जाने के बड़े साक्ष्य मिले हैं।
फर्म के प्रोपराइटर संदीप कुमार साहू को केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम 2017 की धारा 69 के तहत गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश पारित किए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है और उनसे भी जब पूछताछ होगी तो कुछ नए मामलों का भी खुलासा होगा। बताया जाता है कि कर चोरी के लिए एक पूरा नेटवर्क काम कर रहा है जिसके भंडाफोड़ के लिए निवारक शाखा लगातार काम कर रही है।
Created On :   10 Oct 2026 9:38 PM IST










