- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- धान और गेहूं उपार्जन में फर्जीवाड़ा...
Jabalpur News: धान और गेहूं उपार्जन में फर्जीवाड़ा करने वाले वेयर हाउस संचालक चार माह के लिए निष्कासित
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। समर्थन मूल्य पर धान और गेहूं उपार्जन व्यवस्था में गड़बड़ी, किसानों से धोखाधड़ी और खाद्यान्न में मिलावट के आरोपी वेयरहाउस संचालक नीतेश पटेल को जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने चार माह के लिए जिले से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई एसपी से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर की है।
मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम खबरा निवासी नीतेश पटेल के विरुद्ध वर्ष 2024 से 2025 के बीच धोखाधड़ी और शासकीय उपार्जन में अनियमितता के तीन गंभीर अपराध पंजीबद्ध हैं। इनमें बटरंगी स्थित योगमाया वेयरहाउस में भौतिक सत्यापन के दौरान भंडारित मात्रा की तुलना में करीब 20 हजार क्विंटल धान की कमी पाए जाने का सिहोरा थाने में, माँ रेवा वेयरहाउस के संचालन के दौरान समिति प्रबंधकों व अन्य के साथ मिलकर 6,068,59 क्विंटल धान कीमत करीब 1.39 करोड़ रूपए की अफरा-तफरी का मझौली थाने में तथा मझौली थाने में ही उपार्जन में खपाने के उद्देश्य से गेहूं में मिट्टी व कंकड़ मिलाकर गैर-मानक खाद्यान्न तैयार करने का दर्ज अपराध शामिल हैं।
जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर श्री सिंह द्वारा जिला बदर के जारी आदेश में उल्लेख किया गया कि उपार्जन में धान-गेहूं की भारी कमी और फर्जीवाड़े के चलते किसानों को उनकी फसलों का भुगतान समय पर नहीं मिल पा रहा था। इसके विरोध में किसानों ने मझौली एवं अन्य क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर धरना-प्रदर्शन और ट्रैक्टर रैलियां निकाली थीं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ था।
Created On :   9 Oct 2026 9:27 PM IST











