- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- परीक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे...
रादुविवि: परीक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में, गलत रिजल्ट के आधार पर भरवा लिए अगले सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था में एक बार फिर से प्रश्न चिन्ह लग गया है। अब एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें हजारों छात्र-छात्राओं को परेशान होना पड़ रहा है। पहले तो विवि ने मास्टर डिग्री के परीक्षा परिणाम जारी किए और उसे पोर्टल पर करीब 10 िदन तक अपलोड रहने दिया और फिर अचानक ही रिजल्ट को पोर्टल से हटा दिया गया।
अधिकांश छात्र-छात्राओं ने तब तक दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाओं के आवेदन कर दिए, अब यदि दोबारा परिणाम जारी हुए और विद्यार्थी उसमें असफल रहे तो जो फाॅर्म वे भर चुके हैं उनका क्या होगा। इस प्रकार उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। बताया जाता है कि विश्वविद्यालय द्वारा एमए, एमएससी, एमकॉम, एमएसडब्ल्यू सहित करीब 16 स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के प्रथम सेमेस्टर के परिणाम 20 अगस्त से 26 सितंबर के बीच जारी किए गए थे।
इसके बाद विश्वविद्यालय ने इन परिणामों को आधार बनाते हुए अधिसूचना जारी कर 29 सितंबर से 8 अक्टूबर तक द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा आवेदन भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी। छात्रों ने वेबसाइट पर उपलब्ध परिणामों को अंतिम और आधिकारिक मानते हुए परीक्षा फॉर्म भी भर दिए। 5 अक्टूबर को इन 16 पाठ्यक्रमों के करीब साढ़े चार हजार परीक्षार्थियों के परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट से हटा दिए गए।
इसके बाद छात्रों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। कई छात्र पहले ही अपने परिणाम के आधार पर अगले सेमेस्टर का परीक्षा आवेदन कर चुके हैं। अब उन्हें यह चिंता सता रही है कि उनके संशोधित परिणाम का उनकी पात्रता परीक्षा फॉर्म और आगे की पढ़ाई पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
अंक जोड़कर परिणाम जारी करने की जानकारी
विश्वविद्यालय प्रशासन इसे तकनीकी त्रुटि बता रहा है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुनील दुबे ने बताया कि कुछ तकनीकी समस्या सामने आई थी, जिसके बाद परिणामों की समीक्षा की जा रही है। विश्वविद्यालय की ओर से जल्द संशोधित परिणाम जारी किए जाने की बात कही गई है। वहीं सूत्रों के अनुसार मामले में केवल तकनीकी समस्या ही नहीं, बल्कि परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया में भी गंभीर त्रुटि सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक संबंधित विषयों में छात्रों के लिए थ्योरी और प्रैक्टिकल में अलग-अलग उत्तीर्ण होना आवश्यक था, लेकिन परिणाम तैयार करते समय दोनों के अंकों को जोड़कर परिणाम घोषित कर दिए गए।
Created On :   9 Oct 2026 5:21 PM IST












