- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- राज्य स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता...
Jabalpur News: राज्य स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता में शामिल 3 खिलाड़ी छात्राएं बीमार

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर में चल रही राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में बुधवार और गुरूवार की दरम्यानी रात उस समय हंगामा हो गया जब खाने के बाद 3 छात्राएं अचानक ही बीमार पड़ गईं। उनमें से एक छात्रा उल्टी कर रही थी जिसे देखकर तत्काल ही शिक्षकों को सूचित किया गया और एम्बूलेंस के जरिए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
इसके बाद दो अन्य छात्राएं भी बीमार पड़ गईं। उन्हें भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। हालाकि उनमें से एक छात्रा को गुरूवार की शाम डिस्चार्ज कर दिया गया और बाकी दोनों की हालत भी सामान्य हो गई है।
राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में 9 संभागों से लगभग 700 बालक-बालिकाएं शामिल हो रहे हैं। इन्हें अलग-अलग स्कूलों में ठहराया गया है और उनके भोजन की व्यवस्स्था एमएलबी स्कूल में की गई है। बुधवार की रात 8 बजे के लगभग छात्राओं ने भोजन किया, और अपने-अपने हॉस्टल रवाना हो गईं।
इनमें सतना से आईं जूडो खिलाड़ी भी शामिल थीं। खेल अधिकारी मधुमिता हाजरा ने बताया कि रात 10 बजे कंटोल रूम से फोन आया कि जूडो खिलाड़ी बीमार पड़ गई है। तत्काल एमएलबी से एक एम्बूलेंस प्रेम नगर स्कूल मदन महल भेजी गई।
जहां से खिलाड़ी को मेडीकल भेजा गया। उसके साथ ही एक अन्य छात्रा को भी मेडिकल भेजा गया था। छात्रा को उल्टी करते देखकर दूसरी छात्रा की भी तबीयत खराब हो गई। उसके बाद रात 11 बजें एक अन्य छात्रा भी बीमार पड़ गई। उसे भी मेडिकल ले जाया गया।
जहां तीनों खिलाड़ियों को आईसीयू में भर्ती किया। उनके माता पिता को सूचना भी दे गई थी। तीनों खिलाड़ी अंडर 17 वर्ग की जूडो प्रतियोगिता में शामिल होने रीवा संभाग से आई हैं। जो सतना जिले की हैं।
मैस के खाने के साथ बाहर से भी ऑर्डर किया
इन छात्राओं के सम्बंध में बताया गया कि ये सभी मैस का खाना कम खाती थीं और ऑर्डर करके बाहर से खाना बुलाती थीं। इनमें से एक छात्रा ने बीती रात मोमोस खाया था। हालाकि इस मामले में छात्राओं का कहना है कि उन्होने मैस का ही खाना खाया था। खेल अधिकारी मधुमिता हाजरा ने बताया कि सावधानी के तौर पर अब सभी छात्राओं को निर्देश दिए गए हैं कि बाहर का भोजन न करें। मैस पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
पेट दर्द और उल्टी की शिकायत
इस मामले में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डाॅ. अरविंद शर्मा ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे एमएलबी स्कूल से 3 बच्चियां पेट दर्द और वॉमेटिंग की शिकायत के साथ मेडिकल कॉलेज की केजुअल्टी में आईं थीं। लक्षणों को देखते हुए उन्हें मेडिसिन वार्ड के आईसीयू में भर्ती किया गया था, जिसमें एक बच्ची की हालत में सुधार के बाद गुरूवार को पैरेंट्स की मौजूदगी में डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं 2 अन्य बच्चियों की स्थिति भी अब बेहतर हैं। उन्हें भी जल्द ही डिस्चार्ज किया गया जाएगा।
बाहर का खाना खाकर बीमार हुई
रीवा संभाग के जनरल मैनेजर ने खुद लिखकर दिया है कि छात्राएं मैस का खाना नहीं खा रहीं थी बल्कि वे ऑर्डर करके खाना मंगाकर खाती थीं। जो छात्रा सबसे पहले बीमार हुई वह कमजोर भी थी। फूड प्वाईजनिंग जैसी कोई बात नहीं। पूरा शिक्षा विभाग देर रात तक मेडिकल में छात्राओं के लिए उपस्स्थित था।
गौतम बर्वे, जिला शिक्षा अधिकारी
Created On :   8 Oct 2026 7:22 PM IST












