- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- बच्चों की सुरक्षा पर अब और समझौता...
Jabalpur News: बच्चों की सुरक्षा पर अब और समझौता नहीं, पहले फिटनेस और परमिट तभी बढ़ सकेंगे थमे पहिए

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। धनवंतरि नगर में पिछले दिनों हुए स्कूल वैन सड़क हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड पर आ गया है। ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले स्कूल वैन चालकों पर शिकंजा कस दिया है। सघन चेकिंग अभियान के तहत विभिन्न स्कूलों के बाहर नियमों के विरुद्ध खड़ी 46 वैनों को जब्त किया गया है, जिन्हें किसी भी सूरत पर नहीं छोड़ा गया।
जिसके बाद प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए वैन चालकाें ने हड़ताल कर दी। लगातार दो दिन से चल रही हड़ताल के कारण जहां स्कूली बच्चे परेशान हुए, वहीं परिजनों को स्कूलों तक बच्चों को छोड़ना पड़ा। प्रशासन ने कहा कि शहर में वैन तभी चलेंगी जब वे नियमों का पालन करेंगी, जिसके लिए निजी वैन चालकाें को कमर्शियल व्हीकल मेें वैन को रजिस्ट्रर्ड करवाना होगा।
इतना ही नहीं इसके बाद वैन के लिए परमिट और फिटनेस करवाना होगा, तब जाकर इन्हें चलाने के लिए हरी झण्डी दी जाएगी, नहीं तो नियम विरुद्ध दौड़ने वाली वैनों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। हड़ताल के जरिए वैन चालक दबाव नहीं बना सकते, पहले वे परिवहन नियमों का पालन करें फिर आगे बात की जाएगी।
वैन तभी चल पाएंगी जब वे परिवहन नियमों का पालन करेंगी। वैन चालक अपनी निजी नंबर प्लेट वाली वैनों को अनिवार्य रूप से कमर्शियल वाहन में तब्दील करवाएं। आवश्यक परमिट प्राप्त करें।
-रिंकू शर्मा, आरटीओ, जबलपुर
अफसरों की दो टूक-नियमों का पालन करें चालक
बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अफसरों की बैठक हुई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आरटीओ, ट्रैफिक, जिला शिक्षा अधिकारी, स्कूलों के संचालक शाामिल हुए। जहां पर स्कूल प्रबंधकों से कहा गया कि वे अपने स्कूलों में बच्चों को छोड़ने आने वाली वैन से अनुबंध करें, ताकि इस अनुबंध के आधार पर वे आरटीओ में वाहनों को कमर्शियल व्हीकल में तब्दील करवा सकें।
Created On :   8 Oct 2026 5:30 PM IST












