- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- चार दशक पुराने मनमोहन नगर उद्यान को...
Jabalpur News: चार दशक पुराने मनमोहन नगर उद्यान को बचाने उतरे क्षेत्रीय नागरिक, चलाया हस्ताक्षर अभियान

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। कृषि उपज मंडी के समीप मनमोहन नगर में गायत्री मंदिर के पीछे बना सुविधायुक्त गार्डन इस समय विवादों में आ गया है। एक परिवार ने इस गार्डन की जमीन पर दावा कर दिया है और न्यायालयीन दस्तावेज पेश करते हुए इसे खुद की पैतृक जमीन बताया है। इसको लेकर क्षेत्र के नागरिक सड़कों पर आ गए हैं। नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में बच्चों, बुजुर्गों के लिए यह एक मात्र गार्डन है। कोई रास्ता निकालकर इसे बचाया जाना चाहिए।
गार्डन के बचाव को लेकर बुधवार को क्षेत्रीय नागरिक एकत्रित हुए और हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। हस्ताक्षर अभियान भी चलाया। प्रदर्शन में शामिल करण सिंह ठाकुर, रंजीत ठाकुर, मोहन पंजवानी, ज्ञानार्जन पांडे, संजय उपाध्याय, पवन तिवारी, नंदा पटेल आदि ने कहा कि करीब 40 साल पहले उद्यान की इस जगह को जेडीए ने आरक्षित किया था।
करीब चार एकड़ के रकबे वाले इस गार्डन में गायत्री परिवार ने वॉकिंग व एक्यूप्रेशर ट्रैक बनवाया है। नगर निगम ने झूले और बच्चों के मनोरंजन के लिए उपकरण लगवाए। समय-समय पर विधायक, पार्षद, सांसद, महापौर मद से विकास कार्य हुए। इस मंगलवार को पूर्व विधायक विनय सक्सेना भी इस उद्यान में पहुंचे थे। उन्होंने भी गार्डन को संरक्षित करने की मांग उठाई।
कई बार बनी विवाद की स्थिति
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि इस उद्यान में दावे व कब्जे को लेकर कई बार विवाद की स्थिति बन चुकी है। वहीं उद्यान की जमीन पर अपना दावा पेश करने वाले इलाहाबाद निवासी पुनीत रंजन यादव ने बताया कि उक्त जमीन उनके व पिता के नाम पर दर्ज है। इस जमीन पर बने उद्यान और विवाद को देखते हुए वे न्यायालय की शरण में पहुंचे थे। न्यायालय ने दस्तावेजों की जांच और दलीलें सुनने के बाद उनके पक्ष में ही फैसला दिया है।
नगर निगम अधिकारियों को कोर्ट का आदेश व जमीन संबंधी सभी दस्तावेज सौंप दिए गए हैं। श्री यादव का कहना है कि उनकी भूमि को बेवजह विवादित किया जा रहा है। वहीं ननि के उद्यान विभाग प्रभारी मनीष तड़से का कहना है कि जनता के हित को देखते हुए नगर निगम भी इस मामले में कंटेम्प्ट के लिए उच्च न्यायालय जाने का मन बना रहा है।
सुबह-शाम बड़ी संख्या में आते हैं लोग
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि उद्यान में भोला नगर, शांति नगर, अनमोल नगर, त्रिमूर्ति नगर, 90 क्वार्टर, संचार नगर, साईं काॅलोनी, कसौंधन नगर आदि के बच्चे व बुजुर्ग रोजाना आते हैं। यहां योगा, खेलकूद व अन्य सार्वजनिक गतिविधियां आयोजित होती हैं।
Created On :   8 Oct 2026 5:18 PM IST












