जबलपुर न्यूज: स्टेशन में 5 किलो गांजे के साथ पकड़ाई महिला

स्टेशन में 5 किलो गांजे के साथ पकड़ाई महिला
जीआरपी ने की कार्रवाई के बाद बढ़ाई निगरानी, साथियों की भी तलाश

डिजिटल डेस्क जबलपुर।मुख्य रेलवे स्टेशन में भीड़ बढ़ने के साथ ही जीआरपी ने जांच अभियान शुरू किया है। टीम को बुधवार की सुबह प्लेटफार्म चैकिंग के दौरान 2 और 3 नंबर प्लेटफार्म में एक महिला संदिग्ध नजर आई। टीम ने पूछताछ करने के बाद जब तलाशी ली तो महिला के पास से सवा 5 किलाे से ज्यादा मादक पदार्थ गांजा मिला। जिसकी कीमत 1 लाख 33 हजार रूपए से ज्यादा आंकी गई है।

जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि एसपी रेल सुंदर सिंह कनेश व एएसपी आशुतोष मिश्रा के निर्देश पर स्टेशन पर चैकिंग कराई जा रही है। जांच के दौरान महिला को पकड़ा गया पूछताछ में उसने अपना नाम बैदेही बाई निवासी गौड़ढाबा दुलमपुर,(उड़ीसा) बताया। वह वर्तमान में ग्राम चैनपुर, रायसेन में रह रही थी। महिला के पास से तलाशी के दौरान थैले में सफेद रंग के कपड़े में लिपटे 5 पैकेट मिले, जिन्हें खोलकर देखने पर उनमें मादक पदार्थ गांजा मिला। स्टेशन में गांजा पकड़े जाने के बाद निगरानी बढ़ा दी गई है और महिला से पूछताछ की जा रही है कि इस काम में उसके साथ और कौन लोग शामिल हैं। महिला के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई। कार्रवाई में जीआरपी के बीसी उद्दे, अरुण तिवारी, मनोज मिश्रा, परशुराम, रविकांत, गोपाल, वर्षा दुबे, मनीषा आदि मौजूद रहे।


Created On :   7 Oct 2026 8:41 PM IST

Tags

Next Story