- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- हेराफेरी कर जीवित व्यक्ति को मृत...
Jabalpur News: हेराफेरी कर जीवित व्यक्ति को मृत बताया और अपने नाम कर ली संपत्ति

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एक व्यक्ति ने संपत्ति पर किसी दूसरे के द्वारा मालिकाना हक जताने की शिकायत की। आश्चर्य की बात तो यह है क उक्त व्यक्ति ने इस बात का भी खुलासा किया कि उसे मृत बताकर संपत्ति अपने नाम दर्ज करा ली गई है। शिकायतकर्ता मालकछार शहपुरा निवासी गेंदालाल पटेल ने बताया कि खसरा नंबर 227/2 रकबा 0.17 राजस्व अभिलेख में उसके नाम दर्ज थी मगर अब कुछ लोगों ने इस संपत्ति को अपने नाम से दर्ज करा ली है। पतासाजी के दौरान भी पता चला कि संपत्ति अपने नाम दर्ज कराने के लिए उसे मृत बताया गया है। अब यह लोग उसे उसकी ही संपत्ति से बेदखल कर रहे हैं।
महिला ने की पट्टा दिए जाने की मांग
एक अन्य पीड़ित आगा चौक निवासी पुष्पा ने आवेदन देकर पट्टा की मांग की है। उसने बताया कि आगाचौक स्थित जिस मकान में वह रह रही है उसका पट्टा मां बती बाई के नाम से जारी हुआ है। मां की मौत के बाद वह अपने इकलौते बेेटे के साथ यहां पिछले लंबे समय से रह रही है। उसके पास रहने के लिए कोई और आवास नहीं है।
पटाखा बाजार में अनियमितता
ग्रीन सिटी निवासी धर्मेंद तिवारी, आशीष सेन सहित अन्य ने कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए अवगत कराया कि कठौंदा पटाखा बाजार में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरती जा रही है। यहां एक ही नाम से दो-दो दुकानों का आवंटन हो गया। इसके अलावा दुकानों के बाजू में 10-10 फीट खाली जगह छोड़ने का नियम है लेकिन उसमें भी कब्जा है।
भूखंड का सौदा कर रिटायर्ड पुलिस कर्मी से हड़पे 5 लाख
निज संवाददाता, जबलपुर। जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे अम्बेडकर काॅलोनी निवासी रिटायर्ड पुलिस कर्मी मधुसूदन पांडे ने एसपी सम्पत उपाध्याय से शिकायत कर जालसाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़ित द्वारा बताया गया कि एक जालसाज ने अपनी पत्नी और साले के साथ मिलकर कठौंदा में एक हजार वर्गफीट के भूखंड का सौदा 20 लाख में किया। जालसाजों ने एग्रीमेंट कर 5 लाख रुपए लिए थे।
रकम लेने के बाद न तो भूखंड की रजिस्ट्री कराई गई, न ही रकम वापस की गई। पीड़ित की शिकायत सुनकर एसपी ने संबंधित थाने में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी तरह यादव काॅलोनी संजय नगर निवासी कमलेश साहू ने शिकायत देकर बताया कि उसकी किराना दुकान है।
कुछ लोग उसे परेशान कर धमका रहे हैं और डर के कारण वह दुकान नहीं खोल पा रहा है। इसी तरह बेलबाग थाना क्षेत्र में रहने वाले रामबाबा सोनकर ने शिकायत देकर बताया कि नशे का कारोबार करने वालों ने मुखबिरी करने के शक में उन पर हमला किया था। उनके द्वारा बेलबाग थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
निगम में पहुंचीं 26 शिकायतें
नगर निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुईं। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को सुना और निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अतिक्रमण विभाग से संबंधित 6, भवन शाखा की 5, जल विभाग की 3, लोककर्म विभाग की 2 और स्वास्थ्य विभाग, संपदा शाखा, कॉलोनी सेल, पेंशन शाखा, राजस्व विभाग व हांका गैंग की 1-1 शिकायत दर्ज की गई।
Created On :   7 Oct 2026 5:09 PM IST












