मासूमों की मुसीबत: जब नियमों की अनदेखी होती रही तब भी परेशान हुए

जब नियमों की अनदेखी होती रही तब भी परेशान हुए
आज बुधवार को भी ऐसी ही मुश्किलें झेलेंगे बच्चे और पैरेंट्स

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बीते दो दिनों में वैन चालकों को न जाने कितना फर्क पड़ा, लेकिन बच्चों की तो रूटीन ही बदल गई। वैन चालकों और प्रशासन के बीच चल रही तनातनी बच्चों पर ही ज्यादा भारी पड़ी। अधिकांश को सुबह-सुबह पता चला कि वैन आने वाली नहीं है। सप्ताह के शुुरुआती दिन होने के कारण माता-पिता ने भी ढील देना बिल्कुल मुनासिब नहीं समझा। बड़ी संख्या में बच्चे दूसरों साधनों से स्कूल पहुंचे। बच्चों के माता-पिता के हिस्से भी काफी कुछ परेशानियां आईं।

ट्रैफिक पुलिस और आरटीओ की सोमवार को की गई संयुक्त कार्रवाई पर विरोध जताते हुए वैन संचालकों ने मंगलवार को संबंधित सामूहिक अवकाश लिया। वैन चालकों ने कलेक्ट्रेट पहंुचकर कार्रवाई पर विरोध जताया। उनका आरोप था कि उन्हें बेवजह प्रताड़ित किया जा रहा है, जबकि वे वाहन में सवार हर बच्चे की सुरक्षा का ध्यान रखते हैं। इस तरह की कार्रवाई आजीविका का साधन छीनने वाली है, इसे रोका जाना चाहिए।

गौरतलब है कि घमापुर, मालवीय चौक और गढ़ा ट्रैफिक थाने के अमले ने बीते दिवस ताबड़तोड़ कार्रवाई की थी। इस दौरान निजी पंजीयन पर व्यावसायिक रूप से बच्चों का परिवहन करने वाले 46 चारपहिया वाहन जब्त कर उन्हें आरटीओ परिसर में खड़ा करवाया गया था। देर शाम तक जब इन वाहनों को नहीं छोड़ा गया, तब वैन संचालकों ने कलेक्टर से मिलने की बात कहते हुए सामूहिक अवकाश लेने का निर्णय लिया था।

व्यावसायिक परमिट के लिए लगें विशेष शिविर

{निजी वाहन से व्यावसायिक वाहन का पंजीयन कराने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएं।

{यह प्रक्रिया सरल और कम खर्चीली बनाई जाए, ताकि सीमित आय वाले चालकों को परेशानी न हो।

{आरटीओ से मान्य अधिकृत विक्रेताओं से सीएनजी किट वाले वाहनों को अनुमति दी जाए।

{नियमों के विपरीत बच्चों को ले जाने वाले ई-रिक्शाें पर सख्त कार्रवाई की जाए और जांच हो।

वैन चालक बोले-मनमानी की कार्रवाई

कलेक्ट्रेट पहुंचे जाबालिपुरम स्कूल वाहन चालक संघ के सचिव धनराज पटेल और उपाध्यक्ष अमित राजपूत ने वरिष्ठ अधिकारियों को बताया कि ट्रैफिक पुलिस और आरटीओ की अचानक हुई इस मनमानीपूर्ण कार्रवाई से वैन चालकों की आजीविका खतरे में पड़ गई है, क्योंकि स्कूली बच्चों को लाने व ले जाने का एकमात्र यही उनकी आजीविका का साधन था, लेकिन हठधर्मिता के साथ यह साधन भी उनसे छीन लिया गया। इसलिए वे सभी यहां एकत्र होकर अपने लिए न्याय की गुहार लगा रहे हैं। इस दौरान संघ के संदीप पटेल, विपिन शर्मा, उमेश शर्मा और अलीम खान आदि मौजूद रहे।

स्कूलों के आसपास लगा रहा लम्बा जाम

स्कूल वैन संचालकों द्वारा लिए गए सामूहिक अवकाश के चलते बच्चों को उनके अभिभावक दोपहिया व चारपहिया वाहनों से स्कूल छोड़ने एवं वापस घर ले जाने के लिए पहंुचते रहे। इस दौरान सड़कों पर बड़ी संख्या में वाहन एकत्र होने के कारण दिनभर लम्बा-चौड़ा जाम लगने की समस्या सामने आती रही। वहीं यातायात पुलिस की गैर-मौजूदगी में यह समस्या और भी विकराल हो गई और लोगों को परेशान होना पड़ा।

Created On :   7 Oct 2026 6:00 PM IST

Tags

Next Story