Jabalpur News: डेढ़ महीने से खुदी पड़ी है सड़क, गड्ढों और उड़ती धूल के गुबार से लोग हो रहे परेशान

डेढ़ महीने से खुदी पड़ी है सड़क, गड्ढों और उड़ती धूल के गुबार से लोग हो रहे परेशान
चौथा पुल से सदर को जोड़ने वाले भैंसासुर मार्ग के हाल, जिम्मेदार मौन

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। चौथा पुल से सदर काे जाेड़ने वाले भैंसासुर मार्ग का निर्माण स्थानीय रहवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। विधायक मद से 1.33 लाख की लागत से यहां सीसी सड़क और नाली निर्माण का काम किया जा रहा है, लेकिन कार्य की धीमी गति के चलते पिछले एक महीने से सड़क खुदी पड़ी है।

इस से आसपास रहने वाले लोगों के साथ ही इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भी भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों ने बताया कि सड़क और नाली निर्माण का काम करीब डेढ़ माह पहले शुरू हुआ था, लेकिन ठेकेदार द्वारा बहुत धीमी गति से काम किया जा रहा है।

खुदी पड़ी सड़क के कारण लाेगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। सड़क की जगह-जगह गहरी खुदाई की गई है। गिट्टी और मलबा सड़क पर ही बिखरा पड़ा है, जिससे धूल का गुबार उड़ रहा है, ऐसे में लोगों को श्वास और त्वचा संबंधी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। इतना ही नहीं खुदी हुई सड़क पर बुजुर्गों और बच्चों के फिसलने और गिरने का डर बना रहता है।

नवरात्र पर्व पर श्रद्धालुओं को होगी परेशानी

नागरिकों का कहना है कि कुछ ही दिनों में नवरात्र पर्व शुरू होने वाला है। इस दौरान इस मार्ग पर श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही कई गुना बढ़ जाती है। यदि समय रहते सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो नवरात्र में लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। इसके साथ ही सड़क के आसपास रहने वाले लोगों की परेशानियां भी बढ़ेगी।

जल्द पूरा हाे सड़क और नाली का निर्माण

क्षेत्रीय नागरिकों ने मांग की है कि भैंसासुर मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में काम पूरा कराया जाए ताकि लोगों को धूल और गड्ढों से राहत मिल सके।

Created On :   7 Oct 2026 5:52 PM IST

Tags

Next Story