Jabalpur News: त्योहार से पहले प्रेशर व सकर मशीनें खराब, नहीं हाे सकी मंदिरों में सफाई

त्योहार से पहले प्रेशर व सकर मशीनें खराब, नहीं हाे सकी मंदिरों में सफाई
भुगतान न होने से नाराज ठेका कंपनी ने बंद किया सुधार कार्य निगम के वर्कशॉप में मची रही हलचल, जम्मेदारों ने साधा मौन

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम प्रशासन वैसे तो अपने विभाग में सब कुछ ठीक होने का दावा करता रहता है। लेकिन हर बार त्योहार से पहले सब कुछ गड़बड़ हो जाता है। ऐसा ही कुछ बुधवार को निगम के वर्कशॉप में हुआ। जहां नवरात्र की तैयारियों को लेकर जब स्वास्थ्य विभाग ने बड़े मंदिरों की साफ-सफाई के लिए प्रेशर मशीनों की मांग की तो पता चला ज्यादातर प्रेशर मशीन खराब पड़ी हुई हैं।

ऐसा ही कुछ सार्वजनिक स्थानों के सेप्टिक टैंक की सफाई में भी हुआ, क्योंकि निगम की दोनों सकर मशीनें भी खराब होने की जानकारी दी गई। सुबह से इस मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग और वर्कशॉप के अधिकारियों के बीच गहमा-गहमी का माहौल निर्मित रहा। लेकिन जब मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा, तो पता चला कि निगम के वाहनों की रिपयेरिंग करने वाली ठेका कंपनी ने पुराना भुगतान न होने को लेकर काम बंद कर दिया है। जिसके कारण ये परेशानी उत्पन्न हुई है।

सुबह से भटकते रहे स्वास्थ्य कर्मी

जानकारी के अनुसार नवरात्र से पूर्व शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में सफाई और आसपास के नाली-नालियों में फंसी गंदगी निकालने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने योजना बनाई थी। बुधवार को सुबह से टीमें तैनात की गईं, लेकिन जब प्रेशर मशीनों की डिमांड आई, तो पता चला ज्यादातर खराब पड़ी हैं। वाहनों के ड्राइवरों ने अपने स्तर पर सुधार का प्रयास किया, लेकिन जब बड़ी खराबी होने का पता चला तो वर्कशॉप में मौजूद ठेकेदार ने काम करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग और वर्कशॉप के अधिकारियों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न होने लगी।

अपर आयुक्त को सौंपी गई जांच

इस घटनाक्रम को लेकर जब हर तरफ से अधिकारियों के पास जानकारियां पहुंचीं और उन्होंने जिम्मेदारों से पूछताछ की तो मामले ने और भी तूल पकड़ लिया। जिसके बाद वर्कशॉप के प्रभारी जीएल मरावी समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारी फोन बंद करके गायब हो गए। सूत्रों के अनुसार निगमायुक्त ने इस मामले में अपर आयुक्त अशफाक परवेज कुरैशी को जांच के निर्देश दिए हैं। हालांकि अपर आयुक्त श्री कुरैशी से भी इस संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

{ शहर में सफाई व्यवस्था के लिए 1 दर्जन प्रेशर मशीनें हैं। जिनसे तेज पानी के प्रेशर से सफाई होती है। इनमें से 8 मशीन खराब पड़ी हुई हैं।

{सेप्टिक टैंक और बड़े नालों की सफाई के लिए दो बड़ी सकर मशीनें हैं, लेकिन इन दिनों दोनों मशीनें खराब पड़ी हैं।

Created On :   8 Oct 2026 5:28 PM IST

Tags

Next Story