Jabalpur News: आत्मदाह के लिए जुटे विवि कर्मियों के परिजनों को मिला आश्वासन

आत्मदाह के लिए जुटे विवि कर्मियों के परिजनों को मिला आश्वासन
  • पूरे दिन रादुविवि में रही तनातनी
  • अनुकम्पा आश्रितों ने दी थी आत्मदाह की धमकी
  • कुलसचिव मीटिंग छोड़कर आए और सभी को मना लिया

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में सेवाकाल के दौरान मृत कर्मचारियों के आश्रितों को लम्बे समय से अनुकम्पा नियुक्ति नहीं मिली है। इसे लेकर उन्होने पिछले दिनों राज्यपाल और मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु मांगी थी। जब कोई उत्तर नहीं मिला तो उन्होने गुरूवार को आत्मदाह की चेतावनी दी। यही वजह रही कि गुरूवार को समूचे विश्वविद्यालय परिसर में सनसनी रही।

मृतक कर्मचारियों के परिजनों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। पुलिस बल भी बड़ी संख्या में मौजूद रहा। दोपहर में जब परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित हुए तो कुलसचिव ने साफ कहा कि जीवन अमूल्य है और हो सकता है कि जल्द ही अच्छी खबर मिलेगी। इसके बाद परिजनों का आक्रोश कम हुआ और वे घरों को चले गए।

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर मृत कर्मचारियों के आश्रितों द्वारा प्रस्तावित आत्मघाती कदम उठाने की आशंका को देखते हुए विवि प्रबंधन भी सक्रिय रहा और पुलिस ने भी घेराबंदी की थी। मृत कर्मचारियों के अनेक आश्रित अपने छोटे बच्चों एवं परिवार की महिलाओं के साथ सुबह से ही विश्वविद्यालय परिसर में आंदोलन स्थल पर पहुंच गए थे।

आंदोलन की सूचना मिलने पर प्रभारी कुलसचिव डा. एसएस संधु होम साइंस में चल रही मीटिंग को छोड़कर आंदोलन स्थल पहुंचे और आश्रितों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी। आश्रितों ने कहा कि लंबे समय से अनुकंपा नियुक्ति की आस में वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और उनके परिवारों के सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। डॉ संधु ने आश्वासन दिया कि अनुकम्पा नियुक्ति को लेकर जल्द ही उचित निर्णय होने वाला है।

इस आश्वासन के बाद आश्रितों ने अपना प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिया। इस दौरान कर्मचारी संघ अध्यक्ष संजय यादव अंकित श्रीवास, रोहित आर्य, सौरभ पटेल, सनी यादव, रामशंकर द्विवेदी, प्रकाश चौबे, प्रभात सोनी , बैशाखू, राम संजीवन सौंधिया इत्यादि उपस्थित रहे।

Created On :   8 Oct 2026 9:03 PM IST

Tags

Next Story