भास्कर अलर्ट: बिजली कनेक्शन और कटे तारों की सूक्ष्मता से हो जांच, सुरक्षा को लेकर सजग रहें समितियां

बिजली कनेक्शन और कटे तारों की सूक्ष्मता से हो जांच, सुरक्षा को लेकर सजग रहें समितियां
उपासना के महापर्व पर दु:ख से नम न हों किसी की आंखें...पंडालों में पूरी सतर्कता बेहद जरूरी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। संस्कारधानी के दुर्गोत्सव की अपनी प्रतिष्ठा व नाम है। इसके चलते आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज के िजलों से भी बड़ी संख्या में लोग दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन के लिए आते हैं। पंचमी के बाद तो शहर में भीड़ के कारण रतजगे का माहौल रहता है। आदिशक्ति मां दुर्गा की उपासना के महापर्व की शुरुआत के लिए अब दो दिन ही शेष हैं। इसको लेकर पंडालों को तैयार करने और उन्हें सजाने-संवारने का क्रम शुरू भी हो चुका है।

आस्था और उपासना के इस पर्व पर किसी परिवार की आंखें दु:ख से नम न हों, इसके लिए अभी से तैयारी जरूरी है। प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि अभी भी कई जगह लापरवाही बरती जा रही है। पूर्व में हुई घटनाओं से सबक लेकर समितियों को सतर्कता बरतनी चाहिए, वहीं हर पंडाल में विद्युत कनेक्शन, कटे-फटे बिजली तारों, पंडालों के समीप लगे बिजली पोलों, ऊपर से गुजरी विद्युत लाइनों, पंडालों व मंच की मजबूती की सूक्ष्मता से जांच आदि को लेकर जिम्मेदार विभागों की टीमें गठित की जानी चाहिए। अभी से पहल शुरू हो जाए तो हादसों से बचा जा सकता है।

ताकि न हो दुर्घटना... बिजली को लेकर विशेष सावधानी आवश्यक

{वैध अस्थाई कनेक्शन ही लिया जाए।

{कटे-फटे तारों, इंसुलेशन वाले तारों का उपयोग बिल्कुल न किया जाए। पीवीसी टेपिंग, पाइप का उपयोग हो।

{पंडाल के मुख्य लोड के लिए रेटिंग वाली एमसीबी, शॉर्ट-सर्किट होने से तुरंत बिजली चली जाए।

{रोज लोहे के स्ट्रक्चर व तारों की जांच टेस्टर से की जाए।

{पंडाल हाईटेंशन या ओवर हेड बिजली लाइनों से दूरी बनाकर बनाया जाए।

और ये है विभागों की तैयारी, होगी सख्त कार्रवाई

{पंडालों में विद्युत विभाग का एक कर्मचारी तैनात होगा जो डेकोरेटर व समिति के साथ समन्वय में रहेगा।

{सीसीटीवी व वालंटियर पंडालों पर लगातार निगरानी रखेंगे। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई।

{सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए दो हजार का अतिरिक्त बल तैनात रहेगा।

{सड़कों की सफाई के लिए अलग-अलग टीम बनाई।

आयोजन समितियों को प्रशाासन के ये भी प्रमुख निर्देश

{अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

{पंडाल ऐसे स्थानों पर लगाए जाएं जहां से आमजनों को आवागमन में परेशानी न हो।

{जिले के बाहर से आने वाले डीजे और दूर तक ध्वनि विस्तारक यंत्र न लगाए जाएं।

{पंडालों के वॉलंटियर्स की पहचान के लिए बैज अथवा पहचान-पत्र भी आवश्यक।

जुलूस मार्गों पर बाधक न बनें विद्युत तार

आगामी त्योहारों के मद्देनजर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की गुरुवार को कलेक्ट्रेट में शांति व्यवस्था, यातायात, जुलूस मार्ग, पार्किंग, सुरक्षा, प्रकाश, चिकित्सा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि विद्युत अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें कि जुलूस मार्ग के बीच में कहीं विद्युत तार न आए जिससे दुघर्टना की संभावना बन सकती है।

वहीं संबंधित अधिकारियों को सड़क की स्थिति, टूटे-फूटे हिस्सों एवं जर्जर भवनों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, जुलूस एवं विसर्जन मार्गों का पहले से निरीक्षण कर यातायात डायवर्सन एवं भीड़ वाले दिनों में रात्रि के समय वन-वे व्यवस्था की कार्ययोजना तैयार करने निर्देश दिए। यह भी कहा कि बड़े गरबा आयोजनों के लिए ऐसे स्थानों का चयन किया जाए, जहां पर्याप्त जगह और पार्किंग की व्यवस्था हो। बैठक में प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Created On :   9 Oct 2026 5:08 PM IST

Tags

Next Story