- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- आवारा मवेशियों के कारण बाजार और...
Jabalpur News: आवारा मवेशियों के कारण बाजार और रिहायशी क्षेत्रों में बढ़ रही अराजकता

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर में पशु पालकों के दोहरे मापदंडों के चलते अराजक वातावरण निर्मित हो रहा है। आलम ये है कि शहर के मुख्य बाजारों, सड़कों और रिहायशी इलाकों में आवारा जानवरों की धमाचौकड़ी लगातार बढ़ रही है। मवेशियों के झुंड गली-मोहल्लों से लेकर सड़कों पर जमे रहते हैं, जिससे यातायात बाधित होने के साथ हादसों का खतरा भी बढ़ रहा है।
खास बात ये है कि आवारा पशु कभी कभार हिंसक रूप इख्तियार कर लेते हैं। इनके आपसी संघर्ष से लोगों की जान भी आफत में पड़ जाती है। विगत दिवस छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक रिहायशी इलाके में हिंसक सांड ने राहगीरों और क्षेत्रीय लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया था।
इस हमले में करीब 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद शहर के नागरिकों में भी आवारा पशुओं की बढ़ती तादाद चिंता का कारण बनी हुई है। शहरवासियों का कहना है कि रिहायशी क्षेत्राें, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नगर निगम को हांका गैंग को सक्रिय करना चाहिए, ताकि आवारा मवेशियों की धमाचौकड़ी को रोका जा सके।
Created On :   9 Oct 2026 5:16 PM IST












