Jabalpur News: स्मार्ट क्लासों के लिए हर स्कूल को मिलेगी राशि, उपकरणों का बीमा होगा

जिले के 96 स्कूलों को मिलेगा लाभ, बाकी स्कूलों में भी स्मार्ट क्लास बनाने की मांग

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जिले के सभी ऐसे स्कूल जिनमें स्मार्ट क्लासें हैं उनके रखरखाव व अन्य कार्यों के लिए एकमुश्त राशि मिलने की राह खुल गई है। अभी तक मांग की जाती रही है लेकिन राशि नहीं मिल रही थी। यह पहली बार है कि ऐसी सभी स्कूलों को करीब 25 हजार रुपए मिलेंगे। इससे स्मार्ट क्लास वाले स्कूल इंटरनेट, उपकरणों का बीमा और स्टेशनरी जैसी जरूरतें पूरी कर सकेंगे।

संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि माध्यमिक शालाओं में स्थापित स्मार्ट क्लासों के संचालन के लिए प्रति शाला पच्चीस हजार रुपए बजट स्वीकृत किया गया है। उक्त स्वीकृत बजट से स्मार्ट क्लास के लिए एक वर्ष हेतु इंटरनेट कनेक्शन, स्टेशनरी,पेपर, प्रिंटर कार्टरेज इत्यादि खरीदे जा सकते हैं, स्मार्ट क्लास के अंतर्गत स्थापित उपकरणों का बीमा एवं वार्षिक रखरखाव तथा अन्य आवश्यकतानुसार कार्य कराए जा सकते हैं।

बताया जाता है कि जिले में फिलहाल 96 ऐसी स्कूलें हैं जिनमें स्मार्ट क्लासें हैं और उनमें से कुछ स्कूलों में केवल नाम के लिए स्मार्ट क्लास बनाई गई हैं। कुछ में तो अभी तक टीवी भी नहीं खरीदा गया है।

हर स्कूल में हों स्मार्ट क्लास

शिक्षकों और बच्चों का कहना है कि स्मार्ट क्लास तो हर स्कूल में होना चाहिए। केवल चिन्हित स्कूलों में ऐसी क्लास क्यों बनाई जा रही हैं। बच्चे तो भी एक समान होते हैं फिर उनके साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है। जब बच्चे आधुनिक उपकरणों के माध्यम से पढ़ाई करेंगे तो उनका भविष्य भी बेहतर होगा लेकिन भेदभाव के कारण सभी बच्चों को स्मार्ट क्लास में पढ़ाई का मौका नहीं मिल रहा है।

Created On :   9 Oct 2026 9:24 PM IST

Tags

Next Story