Jabalpur News: शहर में पदस्थ पटवारियों की जबरन बनाई जा रही थी ग्रामीण क्षेत्र की आईडी

  • गोरखपुर तहसील सहित कुुंडम, शहपुरा में बंधक बनाकर काम कराने का आरोप
  • पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने पहुंचकर जताया विरोध

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। स्वामित्व रजिस्ट्री में पटवारियों को निष्पादक बनाए जाने पर प्रदेश भर में पटवारियों द्वारा विरोध किया जा रहा है। इस बीच शुक्रवार को गोरखपुर तहसील के साथ ही कुंडम और शहपुरा में पटवारियों से जबरन कार्य कराने जाने का मामला प्रकाश में आया है।

वहीं कुंडम में एक महिला पटवारी को धमकाने से उसकी तबियत तक बिगड़ने की बात कहीं जा रही है। वहीं मझौली में एक पटवारी के गायब कर उससे काम कराने के आरोप संघ ने लगाए है। इन सब घटनाओं पर जिला पटवारी संघ ने विरोध जताते हुए तीव्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

बताया गया है कि पटवारियों के आंदाेलन और प्रशासन पर इन पटवारियों से स्वामित्व योजना के तहत कार्य कराए जाने के शासन के दबाव का असर शुक्रवार को अधिकांश तहसील कार्यालयों में रहा है।

पटवारी संघ के अध्यक्ष जागेंद्र पीपरे ने बताया कि गोरखपुर में दो महिला व दो पुरूष पटवारियों को जबरन कक्ष में बैठाकर अधिकारी उनकी ग्रामीण क्षेत्र की आईडी बना रहे थे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की रजिस्ट्री की जा सके। इन पटवारियों ने विरोध किया और तहसील संघ अध्यक्ष को इसकी जानकारी दी। इसके बाद यह मामला जिला संघ तक पहुंचा। इसकी जानकारी लगते ही गुरुवार की शाम करीब 5 बजे बड़ी संख्या में पटवारी मौके पर पहुंचे और महिला पटवारियों से जानकारी लेकर उन्हें से बाहर निकाला।

ग्रामीण क्षेत्रों में वाहन में बैठाकर ले गए

संघ अध्यक्ष श्री पीपरे ने बताया कि शुक्रवार की सुबह कुंडम में 4 और शहपुरा में 3 पटवारियों को जबरन शासकीय वाहनों में बिठाकर गांव में ले जाकर कार्य कराने का प्रयास किया गया। इस दौरान एक महिला परीवीक्षाधीन पटवारी को अधिकारी द्वारा धमकाने का मामला सामने आया है। संघ पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि महिला पटवारी अंजली गौतम को एसडीएम द्वारा न जाने क्या कहा गया है कि उसकी तबियत बिगड़ गई।

उसकी साथी पटवारियों ने मदद की। संघ अध्यक्ष श्री पीपरे ने बताया कि उनके सोशल मीडिया उनके पटवारी ग्रुप में देर शाम के वक्त मझौली के एक पटवारी के गायब होने की सूचना जारी की गई। साथी पटवारियों ने जब मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तब भी संपर्क नहीं हो सका जिससे देर रात तक उसकी खोज जारी रही है।

Created On :   9 Oct 2026 9:31 PM IST

Next Story