- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- वर्ल्ड क्लास टेक्नाेलॉजी का हिस्सा...
Jabalpur News: वर्ल्ड क्लास टेक्नाेलॉजी का हिस्सा हैं स्टील प्लेटें नासमझ कबाड़ का टुकड़ा समझ कर ले गए

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। दमोहनाका-मदनमहल फ्लाईओवर के दमोहनाका चौराहे पर बनी रोटरी पर लगी लोहे की प्लेटें एक बार फिर चोरी हो गई हैं। चोरों ने इस बार दुस्साहस दिखाते हुए इनर और आउटर, दोनों ही सर्किल से बड़ी संख्या में प्लेटें पार कर दी हैं। लोहे की प्लेटें गायब होने से सड़क के बीचों-बीच तकरीबन दो-दो इंच का गहरा और लंबा गैप बन गया है, जिससे खतरनाक गड्ढे जैसी स्थिति पैदा हो गई है।
सड़क के बीच बने इस गैप के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। रोटरी से मुड़ते समय अचानक वाहनों के पहिए इस प्लेट-विहीन हिस्से में फंस जाते हैं, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ जाता है और चालकों के गिरने व चोटिल होने का गंभीर खतरा बना हुआ है। तेज रफ्तार वाहनों के लिए यह स्थिति बेहद घातक साबित हो रही है। बार-बार हो रही चोरी और असामाजिक तत्वों के जमावड़े को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। नागरिकों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि रोटरी पर तुरंत नई प्लेटें लगाई जाएं और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए नियमित गश्त बढ़ाई जाए।
असामाजिक तत्वों की निगरानी जरूरी
स्थानीय लोगों और राहगीरों के अनुसार, फ्लाईओवर और रोटरी पर सुरक्षा व निगरानी का भारी अभाव है। शाम ढलते ही यहां असामाजिक तत्व डेरा जमा लेते हैं। रोटरी के पास बेझिझक शराबनोशी की जा रही है, जिससे यहां का माहौल असुरक्षित हो गया है। इससे जुड़ी तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें रोटरी के खाली पड़े गैप में शराब की खाली बोतलें और कचरा साफ दिखाई दे रहा है।
Created On :   13 Oct 2026 3:54 PM IST











