Jabalpur News: खजरी-खिरिया बायपास पर जाम में फंसे सैकड़ों वाहन, रेंगता रहा ट्रैफिक

खजरी-खिरिया बायपास पर जाम में फंसे सैकड़ों वाहन, रेंगता रहा ट्रैफिक
फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते सर्विस रोड पर बढ़ा दबाव

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। खजरी-खिरिया बायपास चौराहे पर सोमवार सुबह करीब 10 बजे नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। फ्लाईओवर निर्माण के चलते सर्विस रोड से गुजर रहे वाहनों का दबाव बढ़ा तो ट्रैफिक की रफ्तार थम गई। देखते ही देखते कारों, ट्रकों और दूसरे वाहनों की कतार लग गई। सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए।

वाहनों की संख्या बढ़ने से इस मार्ग पर आवाजाही मुश्किल हो गई। चौराहे के अलग-अलग हिस्सों से आ रहे वाहन एक-दूसरे के बीच फंसते रहे। करीब 1 घंटे तक ट्रैफिक रेंगता रहा। मौके पर मौजूद राहगीरों ने भी वाहनों को निकालने में मदद की।

चारों तरफ से पहुंच रहा ट्रैफिक

खजरी-खिरिया बायपास चौराहे पर मझौली, कटनी, गोहलपुर और तिलवारा की ओर से आने-जाने वाले वाहनों का दबाव रहता है। यह जबलपुर-इलाहाबाद मार्ग पर एनएच-30 का हिस्सा है, इसलिए स्थानीय वाहनों के साथ भारी और लंबी दूरी के ट्रक भी यहां से गुजरते हैं। चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए खुदाई और आरसीसी स्ट्रक्चर तैयार करने का काम चल रहा है। निर्माण क्षेत्र की बैरिकेडिंग के कारण यातायात को डायवर्ट कर सर्विस रोड से निकाला जा रहा है।

राहगीरों को हुई परेशानी

जाम के कारण रोजाना अप-डाउन करने वाले कई अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कटनी की ओर से आ रहे आकाश जैन करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। उन्होंने बताया कि जाम में फंसे होने के कारण वे अपने कार्यस्थल पर समय से नहीं पहुंच सके।

Created On :   13 Oct 2026 3:56 PM IST

Tags

Next Story