- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- निजी एवं शासकीय एम्बुलेंस की दरों,...
Jabalpur News: निजी एवं शासकीय एम्बुलेंस की दरों, ऑक्सीजन सिलेंडर व तकनीकी स्टाफ की करें नियमित जांच

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। निजी एवं शासकीय एम्बुलेंस की दरों, ऑक्सीजन सिलेंडर, चिकित्सा उपकरण, चिकित्सक एवं तकनीकी स्टाफ की उपलब्धता और निर्धारित मानक की जांच करने कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए हैं। उन्होंने शहर के भीतर तथा नागपुर सहित अन्य शहरों तक मरीजों को ले जाने की दरों और 108 एम्बुलेंस के नियमों एवं शुल्क संबंधी प्रावधानाें की जानकारी भी एक सप्ताह में प्रस्तुत करने निर्देश दिए हैं।
उक्त निर्देश उन्होंने सोमवार को समय सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए दिए।बैठक में उन्होंने कहा कि विवाह के बाद महिलाओं की समग्र आईडी पति के परिवार में स्थानांतरित नहीं होने से अमल-2.0 पोर्टल पर पति का विवरण प्रदर्शित नही हो रहा है जिससे प्रसूति सहायता योजना प्रभावित होने हो रही है। उन्होंने सभी एसडीएम को स्वास्थ्य, श्रम विभाग, बीएमओ और संंबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर निराकरण करने को कहा।
समय पर पूरे हों योजनाओं के कार्य
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को समय-सीमा प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर लंबित शिकायतों का निराकरण तथा शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर रविशंकर राय एवं अखिलेश सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
संदिग्ध प्रकरणाें की मौके पर करें जांच
कलेक्टर श्री सिंह ने पंजीकृत किसानों का निर्धारित मापदंडों के अनुसार सत्यापन करने के निर्देश दिए। इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में करीब सात हजार से अधिक पंजीयन हुए हैं। सिकमी पंजीयन, पहली बार पंजीयन कराने वाले किसानों, पांच हेक्टेयर से अधिक भूमि वाले किसानों, नए खसरों और संयुक्त खातों से संबंधित प्रकरणों की विशेष जांच करने कहा है, साथ ही खेतों की वास्तविक स्थिति और सैटेलाइट से प्राप्त जानकारी में अंतर मिलने पर मौके पर जाकर सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 50 और 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा कर निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
Created On :   13 Oct 2026 4:04 PM IST












