Garba Nights Look: नवरात्रि पर नहीं लेना चाहती नए घाघरा-चोली तो, पुराने कपड़ों से ऐसे बनाएं अपना गरबा लुक, डांडिया नाइट में दिखें सबसे अलग

नवरात्रि पर नहीं लेना चाहती नए घाघरा-चोली तो, पुराने कपड़ों से ऐसे बनाएं अपना गरबा लुक, डांडिया नाइट में दिखें सबसे अलग
डांडिया नाइट और गरबा के लिए हर बार नया घाघरा-चोली खरीदना जरूरी नहीं है। घर में रखे पुराने कपड़ों को थोड़ा क्रिएटिव तरीके से इस्तेमाल कर इस बार ट्रेडिशनल के साथ ट्रेंडी गरबा लुक तैयार किया जा सकता है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। डांडिया नाइट और गरबा के लिए हर बार नया घाघरा-चोली खरीदना जरूरी नहीं है। घर में रखे पुराने कपड़ों को थोड़ा क्रिएटिव तरीके से इस्तेमाल कर इस बार ट्रेडिशनल के साथ ट्रेंडी गरबा लुक तैयार किया जा सकता है। खास बात यह है कि इसके लिए ज्यादा खर्च भी नहीं करना पड़ेगा।

पुरानी साड़ी से तैयार करें घाघरा

अलमारी में रखी पुरानी बांधनी, लहरिया या प्रिंटेड साड़ी गरबा ड्रेस के लिए काम आ सकती है। साड़ी को घाघरे की तरह स्टाइल किया जा सकता है। अगर सिलाई की सुविधा है तो इससे घाघरा तैयार करवाया जा सकता है। इसके साथ सादा ब्लाउज या पहले से मौजूद चोली पहनी जा सकती है। कंट्रास्ट दुपट्टा लुक को और आकर्षक बनाएगा।

पुराने दुपट्टे से बढ़ाएं रंग

अगर आपके पास पुराना मिरर वर्क, गोटा-पट्टी या रंगीन दुपट्टा है तो उसे चोली और स्कर्ट के साथ इस्तेमाल करें। दुपट्टे को अलग अंदाज में ड्रेप करने से आउटफिट का पूरा लुक बदल सकता है। कम मेहनत में पारंपरिक टच देने का यह आसान तरीका है।

डेनिम के साथ फ्यूजन लुक

गरबा में पारंपरिक पोशाक के साथ फ्यूजन लुक भी ट्राई किया जा सकता है। पुरानी लॉन्ग स्कर्ट, प्लेन टॉप या क्रॉप टॉप के साथ डेनिम जैकेट पहनी जा सकती है। कमर पर ट्रेडिशनल बेल्ट या रंगीन दुपट्टा लगाने से इसमें गरबा का टच आएगा।

ज्वेलरी से पूरा करें लुक

पुराने कपड़ों को नया बनाने में ज्वेलरी की अहम भूमिका रहती है। ऑक्सीडाइज्ड झुमके, चूड़ियां, नेकलेस, कमरबंद और पायल जैसे पारंपरिक आभूषण आउटफिट को गरबा लुक दे सकते हैं। बालों में गजरा या रंगीन हेयर एक्सेसरी भी इस्तेमाल की जा सकती है। इस तरह घर में मौजूद कपड़ों और एक्सेसरीज को नए तरीके से मिलाकर बिना ज्यादा खर्च किए डांडिया नाइट के लिए आकर्षक गरबा लुक तैयार किया जा सकता है।

Created On :   29 Sept 2026 6:16 PM IST

Tags

Next Story