Plane Crash Impact: एयर इंडिया प्लेन क्रैश के बाद शेयर बाजार में भूचाल, टूट गए इंडिगो और स्पाइसजेट के शेयर

एयर इंडिया प्लेन क्रैश के बाद शेयर बाजार में भूचाल, टूट गए इंडिगो और स्पाइसजेट के शेयर
  • एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 हादसे का शिकार हुई
  • इंडिगो के शेयरों में 3 फीसदी से अधिक की गिरावट
  • स्पाइसजेट के शेयर में भी गिरावट देखने को मिली

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर आज (12 जून 2025, गुरुवार) दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। यह विमान (फ्लाइट AI-171) एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर था, जो 242 यात्रियों को लेकर लंदन जा रहा था। लेकिन, टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद एक घनी आबादी वाले इलाके में एक इमारत से टकराने के बाद क्रैश हो गया। हादसे ही इस खबर से ना सिर्फ यात्रियों और विमानन उद्योग को, बल्कि शेयर बाजार को भी झकझोर दिया है।

हादसे के बाद एयरलाइन कंपनियों के शेयरों में दवाब देखने को मिला है। एयर इंडिया, (अब टाटा ग्रुप का हिस्सा है) भले ही शेयर बाजार में लिस्टेड नहीं है, लेकिन इस भयावह हादसे के बाद टाटा ग्रुप की प्रमुख कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिली है। इसके अलावा इंडिगो और स्पाइसजेट के शेयरों में गिरावट देखी गई।

इन शेयरों में आई गिरावट

विमान हादसे के बाद भारत में इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड (इंडिगो) के शेयरों में 3.31 फीसदी की गिरावट देखने को मिली, जिसके बाद यह 5,446.35 रुपए पर आ गया। वहीं स्पाइसजेट के शेयर में भी 2.40 फीसदी की गिरावट देखने को मिली और यह 44.40 रुपए पर आ गया।

यही नहीं विमान के निर्माता बोइंग के शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली। प्रीमार्केट यूएस ट्रेडिंग में हादसे की खबर के बाद बोइंग के शेयर 7.8 फीसदी तक टूट गए और यह 197.3 डॉलर पर आ गया।

अडाणी के शेयर भी टूटे

आपको बता दें कि, अहमदाबाद एयरपोर्ट का प्रबंधन अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड करती है। ऐसे में इस भीषण विमान हादसे के बाद इसके शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली। आज अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 1.89 फीसदी तक गिरा। जिसके बाद यह 2,532.25 रुपए पर बंद हुआ।

टाटा ग्रुप की इन कंपनियों के शेयर टूटे

TCS: 1% से ज्यादा की गिरावट

टाटा स्टील: 3% तक की गिरावट

टाटा पावर: 2.5% की गिरावट

टाटा एलेक्सी (Tata Elxsi): 2% से ज्यादा की गिरावट

टाटा कम्युनिकेशंस: 1% से ज्यादा की गिरावट

टाटा मोटर्स: 3% से ज्यादा की गिरावट

टाटा केमिकल्स: 3% ज्यादा की गिरावट

टाटा कंज्यूमर: 2% से ज्यादा की गिरावट

टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन: करीब 4% की गिरावट

इंडियन होटल्स: 2% से ज्यादा की गिरावट

Created On :   12 Jun 2025 6:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story