Share Market Closing Bell: सेंसेक्स में 1352 अंकों की गिरावट, निफ्टी 24028 पर बंद हुआ

सेंसेक्स में 1352 अंकों की गिरावट, निफ्टी 24028 पर बंद हुआ
आज सेंसेक्स 1352.74 अंक यानि कि 1.71 प्रतिशत नीचे 77,566.16 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 422.40 अंक यानि कि 1.73 प्रतिशत नीचे 24,028.05 के स्तर पर बंद हुआ।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) में कारोबारी सप्ताह के पहले दिन (09 मार्च 2026, सोमवार) भारी गिरावट देखने को मिली है। दिनभर के उतार- चढ़ाव के बाद कुछ हद तक कवर करने के बावजूद प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) जहां 1300 अंकों से अधिक लुढ़क गया, वहीं एनएसई निफ्टी (Nifty) भी 24030 के नीचे आ गिरा। आज बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 1352.74 अंक यानि कि 1.71 प्रतिशत नीचे 77,566.16 के स्तर पर बंद हुआ।

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 422.40 अंक यानि कि 1.73 प्रतिशत नीचे 24,028.05 के स्तर पर बंद हुआ।

कारोबार के अंत में करीब 3224 शेयरों में गिरावट देखने को मिली, वहीं 941 शेयरों में बढ़त आई, जबकि 166 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, आयशर मोटर्स, बजाज ऑटो, अल्ट्राटेक सीमेंट और मारुति सुजुकी के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर विप्रो, सन फार्मा, अपोलो हॉस्पिटल, रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंफोसिस के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।

वहीं सेंसेक्स की 30 में से 25 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति, एमएंडएम, एसबीआई, इंडिगो, अडाणी पोर्ट्स और टाटा स्टील के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर 5 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर बंद होने में कामयाब रहे। इनमें रिलायंस, सनफार्मा, इन्फोसिस, टेक महिन्द्रा और एचसीएल टेक के शेयर शामिल हैं।

बात करें भारतीय रुपया की तो सोमवार को इसमें बीते बंद के मुकाबले 59 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 92.33 प्रति डॉलर के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 92.20 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, बीते शुक्रवार की सुबह रुपया 91.65 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 91.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

आपको बता दें कि, सुबह भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 1,994.66 अंक यानि कि 2.53 प्रतिशत नीचे 76,924.24 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 591.40 अंक यानि कि 2.42 प्रतिशत नीचे 23,859.05 के स्तर पर खुला था।

जबकि, बीते सत्र (06 मार्च 2026, शुक्रवार) में बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी और शाम को यह गिरावट के साथ ही बंद हुआ था। इस दौरान बंबई सेंसेक्स 1097.00 अंक यानि कि 1.37 प्रतिशत गिरकर 78,918.90 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 315.45 अंक यानि कि 1.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,450.45 के स्तर पर बंद हुआ।

Created On :   9 March 2026 3:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story