Share Market Opening Bell: खुलते ही धड़ाम हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स में 1990 अंकों की गिरावट, निफ्टी 23860 के नीचे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ईरान-इजरायल जंग से मिडिल ईस्ट में बने तनाव का बड़ा असर शेयर बाजार (Share Market) में देखने को मिल रहा है। कारोबारी सप्ताह के पहले दिन (09 मार्च 2026, सोमवार) भारतीय शेयर की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही धराशाई हो गए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 1,994.66 अंक यानि कि 2.53 प्रतिशत नीचे 76,924.24 के स्तर पर खुला।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 591.40 अंक यानि कि 2.42 प्रतिशत नीचे 23,859.05 के स्तर पर खुला।
शुरुआती कारोबार के दौरान करीब 553 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, वहीं 2121 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 232 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में श्रीराम फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन, एशियन पेंट्स, एलएंडटी और अदानी पोर्ट्स के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर ओएनजीसी और कोल इंडिया के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
प्री-ओपनिंग सत्र में बेंचमार्क सूचकांक निचले स्तर पर कारोबार करते नजर आए। इस दौरान सेंसेक्स 1,333.71 अंक यानि कि 1.69 प्रतिशत नीचे 77,585.19 पर और निफ्टी 476.30 अंक यानि कि 1.95 प्रतिशत नीचे 23,974.15 पर था।
बात करें भारतीय रुपया की तो सोमवार की सुबह इसमें बीते बंद के मुकाबले 46 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 92.20 प्रति डॉलर पर खुला। जबकि, बीते शुक्रवार की सुबह रुपया 91.65 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 91.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, बीते सत्र (06 मार्च 2026, शुक्रवार) में बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 451.25 अंक यानि कि 0.56 प्रतिशत गिरकर 79564.65 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 155.05 अंक यानि कि 0.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24610.85 के स्तर पर खुला था।
जबकि, शाम को शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ था। इस दौरान बंबई सेंसेक्स 1097.00 अंक यानि कि 1.37 प्रतिशत गिरकर 78,918.90 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 315.45 अंक यानि कि 1.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,450.45 के स्तर पर बंद हुआ।
Created On :   9 March 2026 9:39 AM IST












