Anti-Paper Leak Bill: बिना हंगामे के एंटी पेपर लीक बिल पर कल होगी चर्चा? सत्तापक्ष और विपक्ष में तालमेल के लिए स्पीकर और 'फ्लोर लीडर्स' के बीच हुई बात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र के शुरुआत से ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध बना हुआ है, लेकिन अब यह टूट गया है। पेपर लीक के खिलाफ सरकार के लाए बिल पर विपक्ष ने पूरी तरह से सहमति दे दी है। जानकारी के मुताबिक, स्पीकर ओम बिरला ने गतिरोध पर विराम लगाने के लिए प्रमुख राजनीतिक दलों के फ्लोर लीडर्स के साथ पहल की थी। इसके बाद सदन में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के लिए सहमति दी है।
व्यापक और सार्थक चर्चा
केंद्र सरकार पेपर लीक के खिलाफ 'लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) विधेयक, 2026' ला रही है। इस पर 28 जुलाई को दोपहर 12 बजे सदन में चर्चा की शुरुआत होगी। सोमवार को सदन की कार्यवाही के दौरान स्पीकर ने सभी दलों से अपील की थी कि यह विषय भारत के करोड़ों विद्यार्थियों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता के लिए सबसे अहम है। ऐसे में इस बिल पर व्यापक और सार्थक चर्चा होना बेहत जरूरी है।
स्पीकर ने बैठाया तालमेल
लोकसभा अध्यक्ष ने सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों से आग्रह किया था कि दोनों ही शाम 5 बजे तक चर्चा शुरू करने को लेकर संवाद का रास्ता तलाशे। इसके बाद स्पीकर ने खुद अलग-अलग राजनीतिक दलों के फ्लोर लीडर्स के साथ बातचीत की। इन्हीं चर्चाओं से नतीजा ये निकला कि सत्तापक्ष और विपक्ष इस विधेयक पर चर्चा करने के लिए सहमत हो गए। इस दौरान तय हुआ कि मंगलवार को 12 बजे से बिल पर विस्तार से चर्चा शुरू होगी।
यह भी पढ़े -ईडी ने पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मामले में छत्तीसगढ़ पीएससी के पूर्व चेयरमैन को किया गिरफ्तार
बिल का मकसद
छात्रों के बड़े आंदोलन के बाद सरकार ये विधेयक सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक, नकल, संगठित परीक्षा माफिया और अन्य अनुचित साधनों पर रोक लगाने के मकसद से लाया गया है। मंगलवार को इस बिल पर होने वाली चर्चा के दौरान अलग-अलग राजनीतिक दल विधेयक के प्रावधानों पर अपने सुझाव और संशोधन रख रखते हैं। इसके बाद मिले सुझावों पर सरकार जवाब देगी। इसके बाद इस विधेयक को सदन की अनुमति के लिए भेज दिया जाएगा।
हंगामें के बीच पेश किया था विधेयक
बताते चलें कि प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने सोमवार को दोपहर 12 बजे लोकसभा में इस बिल को विपक्ष के हंगामें के बीच पेश किया था। इस बीच स्पीकर की अपील के बाद भी विपक्षी सदस्य वेल से हटे नहीं। इसके बाद स्पीकर ने सदन की कार्यवाही पहले दो और फिर पांच बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
Created On :   27 July 2026 6:23 PM IST










