Exclusive Interview: अभिजीत दिपके के माता-पिता ने खोले कई राज, अभिजीत की जान को खतरा, हर पल सता रही बेटे की सुरक्षा की चिंता
डिजिटल डेस्क, छत्रपति संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के माता-पिता भगवान दीपके और अनीता दीपके ने दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में बेटे को लेकर कई भावुक बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान और उसके बाद से उन्हें सबसे ज्यादा चिंता अभिजीत की सुरक्षा की है। उनका कहना है कि बेटा लगातार अलग-अलग राज्यों में लोगों के बीच जा रहा है, इसलिए हर समय उसके साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
परिवार चाहता है कि अब अभिजीत आंदोलन के बाद अपने भविष्य पर भी ध्यान दे। माता-पिता की इच्छा है कि वह दोबारा अमेरिका जाकर नौकरी करे और अपना करियर आगे बढ़ाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सोनम वांगचुक भी अभिजीत को भविष्य और करियर के बारे में सोचने के लिए समझाएंगे।
यह भी पढ़े -पश्चिम बंगाल 9 से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाएं, सरकार ने सभी सरकारी विभागों को दिए निर्देश
हर पल बेटे की सुरक्षा की चिंता
भगवान दीपके ने कहा कि आंदोलन के दौरान अभिजीत लगातार राज्यों का दौरा करता रहा। ऐसे में परिवार की रातों की नींद उड़ गई थी। आज भी जब वह बाहर रहता है तो पूरा परिवार उसकी सुरक्षित वापसी का इंतजार करता रहता है।
कभी घर के बाहर नहीं सोया, जंतर-मंतर पर सड़क किनारे रात बिताई
माता-पिता ने बताया कि अभिजीत का पालन-पोषण बड़े लाड़-प्यार से हुआ। वह कभी घर के बाहर रात नहीं रुका था, लेकिन आंदोलन के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर उसे सड़क किनारे सोते देखकर वे भावुक हो गए।
'अब मैं पूरे देश का बेटा हूं'
परिवार के मुताबिक जब भी वे उसकी सुरक्षा की चिंता जताते हैं तो अभिजीत कहता है, "अब मैं सिर्फ आपका बेटा नहीं, पूरे देश का बेटा हूं। मेरी चिंता मत कीजिए।" लेकिन यह सुनने के बाद भी माता-पिता की चिंता कम नहीं होती।
यह भी पढ़े -बिहार भाजपा में शामिल हुए पूर्व सांसद अर्जुन राय समेत कई नेता, संजय सरावगी बोले-विपक्ष में भगदड़ के हालात
अमेरिका लौटकर भविष्य बनाने की सलाह
अनीता दीपके ने कहा कि अभिजीत ने देश के लिए अपना उज्ज्वल भविष्य और अमेरिका की नौकरी छोड़ दी। अब वे चाहती हैं कि वह फिर से अपने करियर पर ध्यान दे, अमेरिका लौटकर नौकरी करे और अपना भविष्य सुरक्षित बनाए। फिलहाल वह इसके लिए तैयार नहीं है, लेकिन परिवार को उम्मीद है कि वह सही समय पर सही निर्णय लेगा।
घर की सुरक्षा बढ़ाई गई
अभिजीत के छत्रपति संभाजीनगर स्थित घर पहुंचने से पहले पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। परिवार के अनुसार, घर पर 24 घंटे पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
Created On :   27 July 2026 5:47 PM IST











