New Air Chief Marshal: आशुतोष दीक्षित बने नए वायुसेना प्रमुख, कारगिल युद्ध में 'ऑपरेशन सफेद सागर' का थे अहम हिस्सा

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित नए वायुसेना प्रमुख बने हैं। वर्तमान में वह वायुसेना में वाइस एयर चीफ ऑफ स्टाफ थे। उन्होंने 1 जुलाई 2026 को यह पदभार संभाला था। आशुतोष अब एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह की जगह लेंगे, जो कि 31 अक्टूबर को रिटायर हो रहे हैं। उनकी गिनती इंडियन एयरफोर्स के सीनियर ऑफिसर्स में होती है।
चार दशक का लंबा अनुभव
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित के पास चार दशक लंबा अनुभव है। उन्होंने अपनी सर्विस में मिराज-2000, मिग के अलग-अलग वर्जन, जगुआर, तेजस, हॉक, IL-78, AN-32, किरण, HPT-32 और एवरो जैसे कई लड़ाकू विमानों को उड़ाया है। उन्होंने अभी तक 3500 घंटे से ज्यादा उड़ान भरी है।
दीक्षित ऑपरेशन सफेद सागर के अलावा ऑपरेशन रक्षक, कोप-इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर जैसे सैन्य अभियानों का हिस्सा रहे हैं। इसके साथ ही एयरफोर्स में LCA तेजस समेत दूसरे स्वदेशी विमान प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है।
आशुतोष दीक्षित दीक्षित को 6 दिसंबर 1986 को IAF की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। वह एयरफोर्स के टेस्ट पायलट हैं, जिसका काम विमान को आखिरी सीमा तक ले जाकर टेस्ट करना होता है। भारतीय सेना में जब कोई नया विमान शामिल होता है तो उसे टेस्ट पायलट ही सबसे पहले उड़ाकर देखते हैं। इस दौरान वह उसके कंट्रोल, स्थिरता और तकनीकी ग्लिच की जांच करते हैं।
एयरफोर्स में यह जिम्मेदारी उसी को सौंपी जाती है, जिसके पास लंबी उड़ानों का अनुभव होता है।
उनके काम के लिए उन्हें वायु सेना मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।
Created On :   6 Oct 2026 6:44 PM IST












