ECI Office News: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग की तैयारी? ECI पहुंचे पूर्व अफसर, बाहर रोका गया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली स्थित चुनाव आयोग के दफ्तर पूर्व अधिकारियों का एक डेलिगेशन पहुंचा, लेकिन उन्हें कार्यालय के भीतर नहीं घुसने दिया गया। बताया जा रहा है कि आयोग परिसर के बाहर सुरक्षा का कड़ा पहरा बिछा दिया गया था। इस डेलिगेशन का नेतृत्व दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग ने किया है, जिसमें ब्यूरोक्रेट्स और सिविल सोसाइटी से संबंधित सेवानिवृत्त अफसर शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक, इस डेलिगेशन में दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग, जीके पिल्लई, अमिताभ पांडेय, अशोक शर्मा, यशवर्धन आजाद, योगेंद्र यादव, अंजलि भारद्वाज, साईं बालाजी सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।
महाभियोग लेटर देने की बात
अंजलि भारद्वाज का कहना है कि वह चुनाव आयोग के कार्यालय पहुंचकर महाभियोग का लेटर देना चाहते थे। इस दौरान सभी सिविल सर्वेंट शामिल थे और यह कोई प्रदर्शन नहीं था। इसके बावजूद सभी मार्ग बंद कर दिए गए थे और वहां पहुंचना बेहद मुश्किल था। उन्होंने आगे बताया कि हम आयोग के ऑफिस इस वजह से पहुंचे थे, ताकि अपनी बात उनके सामने रख सकें। साथ ही बताया कि चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है। उन्होंने यह भी कहा कि अब आगे कोई ऑप्शन नहीं बचा है, इस वजह से महाभियोग देना जरूरी था।
यह भी पढ़े -फॉर्म-6 विवाद पर 'आप' का चुनाव आयोग पर निशाना, मनीष सिसोदिया बोले- सुप्रीम कोर्ट में पकड़ा गया ज्ञानेश कुमार का झूठ
दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल ने दी प्रतिक्रिया
दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल ने बताया कि जब हम आयोग के ऑफिस पहुंचे, तो उस दौरान अजीब महसूस हो रहा था। उन्होंने कहा कि वे कोई एक्टिविस्ट नहीं हैं, बल्कि हमने 40-45 साल सरकार के लिए काम किया है। नौकरी ज्वाइन करते वक्त संविधान की कसम खाई थी कि उसको ध्यान में रखते हुए अपना काम करेंगे। साथ ही कहा कि उनकी शिकायत सरकार से नहीं है।
उन्होंने आगे बताया, "ज्ञानेश कुमार हमसे 15 साल जूनियर हैं, हमें शर्म आती है उन्होंने ऐसा किया। 13 करोड़ लोग इस प्रक्रिया से वंचित हैं। जब इलेक्शन के दौरान घर-घर सर्वे करते हैं, जो लोग इलेक्शन कराते हैं, उनकी ट्रेनिंग होती है। उन्हें गांवों में भेजते हैं, ताकि कोई वोट से वंचित न रहे। लेकिन यह शर्म आती है कि इतने लोग इस प्रक्रिया से बाहर हैं। हम चाहते हैं कि वह अपने पद से इस्तीफा दे दें।"
Created On :   5 Oct 2026 11:29 PM IST












