मौसम अपडेट: UP-बिहार से दिल्ली तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट, तूफानी हवाएं चलने की भी चेतावनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। देश के कई हिस्सों में मौसम बदलता दिख रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर तेज बारिश के साथ आंधी की चेतावनी दी है। इस दौरान हवा की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कई इलाकों में बिजली चमकने और गरजने का भी खतरा है। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। आइए जानते हैं आज कहां कैसा मौसम रहने वाला है।
यह भी पढ़े -सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को लाभार्थियों के घर प्रज्ज्वलित होगा ‘आशीर्वाद का दीया’
15 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने कई प्रदेशों के लिए बारिश और तेज हवा को लेकर चेतावनी जारी की है। इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, गुजरात और पंजाब शामिल हैं। इन जगहों पर तेज बारिश के साथ हवा चल सकती है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
यूपी में आज बारिश के साथ गरजेंगे बादल
उत्तर प्रदेश में 10 सितंबर को कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। गोरखपुर, बहराइच, गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, फुरसतगंज, लखीमपुर खीरी, प्रयागराज, कानपुर, गौतम बुद्ध नगर और जौनपुर में बिजली चमकने के साथ तेज बारिश हो सकती है। यहां 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है। लखनऊ में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार में तेज बारिश, कई जिलों में अलर्ट
बिहार में भी 10 सितंबर को मौसम खराब रह सकता है। गोपालगंज, सिवान, शिवहर, पूर्वी चंपारण, कटिहार, पटना, भोजपुर, बक्सर, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और मुजफ्फरपुर में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश के दौरान करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने और तेज गरज की भी आशंका है। पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
Created On :   10 Sept 2026 8:53 AM IST













