Delhi Crime: किलोकरी में रिटायर्ड म्यूजिक टीचर की पीट-पीटकर हत्या, शोर मचाने से रोका तो घर तक पीछा कर किया हमला, 7 अरेस्ट

किलोकरी में रिटायर्ड म्यूजिक टीचर की पीट-पीटकर हत्या, शोर मचाने से रोका तो घर तक पीछा कर किया हमला, 7 अरेस्ट
दिल्ली के किलोकरी में मणिपुर के रिटायर्ड म्यूजिक टीचर सी. विक्रम सिंह की पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर एक नाबालिग को पकड़ा है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के किलोकरी इलाके में रविवार रात एक रिटायर्ड म्यूजिक टीचर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मणिपुर के रहने वाले सी. विक्रम सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रात करीब 11:30 बजे घर से कूड़ा फेंकने के लिए नीचे आए थे। वहां कुछ युवक शोर कर रहे थे। सिंह ने उन्हें आवाज कम करने के लिए कहा, जिसके बाद उनकी युवकों से बहस हो गई। वह बात बढ़ने पर अपने घर लौट गए। आरोप है कि युवक उनका पीछा करते हुए घर तक पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घर तक पीछा करके पहुंचे युवक

विक्रम सिंह के बेटे के मुताबिक, शोर सुनकर वह बाहर आए तो कुछ युवक वहां से भाग गए। इसके बाद उन्होंने अपने पिता को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत बताया। पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई। इसी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश शुरू हुई।

7 लोग गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा

पुलिस ने मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें भरत कुमार (19), प्रमोद (26), रमजान खान (22), दीपांशु (21), मोहन विश्वकर्मा (32), विजय (36) और मन्नू (26) शामिल हैं। एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अलग-अलग ढाबों में काम करते हैं। कुछ लोग सामान पहुंचाने का काम भी करते हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।

नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स सोसाइटी ने जताया दुख

नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स सोसाइटी, दिल्ली यूनिवर्सिटी ने विक्रम सिंह की मौत पर दुख जताया है। संगठन ने उन्हें मणिपुर का सम्मानित संगीतकार बताया। संगठन का कहना है कि सिंह ने बाहर शोर कर रहे युवकों से आवाज कम करने को कहा था। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। संगठन ने घटना को बेहद दुखद बताया और पुलिस से मामले की पूरी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

Created On :   8 Sept 2026 10:45 AM IST

Tags

Next Story