पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: बस चलाते चलाते लगी ड्राइवर को नींद, एक्सीडेंट इतना भयावह कुछ लोगों के हाथ-पैर अलग, 5 की मौत, कई घायल

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बड़ा दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक डबल डेकर बस पलटने से 5 लोगों की जान चली गई, जबकि 16 गंभीर रूप घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल में एडमिट कराया गया।
कैसे हुई घटना?
शुरुआती सूचना के मुताबिक, हादसे का शिकार होने वाली बस लुधियाना से दरभंगा पहुंचने वाली थी। लेकिन एक्सप्रेस-वे पर चालक को नींद आ गई, इस वजह से बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह घटना गोसाईगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 11.4 किलोमीटर प्वाइंट के पास की बताई गई हैं। फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य कर रही है। इसके साथ ही आगे की जांच भी कर रही है।
घटना के समय बस की रफ्तार
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय बस की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा बताई जा रही है। हादसा होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से हादसे का शिकार हुई बस को उठाकर सड़क किनारे किया गया।
यह भी पढ़े -यात्रियों से भरी बस त्रिशूली नदी में गिरी, अब तक 18 की मौत, 25 घायल, धादिंग जिले में बड़ी दुर्घटना
कुछ लोगों के हुए हाथ-पैर अलग
यह हादसा बेहद ही भयावह बताया गया है। जहां से कुछ तस्वीरें भी सामने आई है, जिसमें कई यात्री गंभीर रूप से घायल नजर आ रहे हैं, कुछ के तो हाथ-पैर भी अलग होते हुए दिखाई दे रहे हैं। साथ ही हादसे का शिकार हुए लोग सड़क किनारे दर्द से कराहते हुए मिले है। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पोस्टमार्टम के लिए मृतकों के शव भेजे
बताया जा रहा है कि जिन लोगों की इस हादसे में जान चली गई है, उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि चालक की कथित लापरवाही के अलावा कहीं कोई तकनीकी खराबी की वजह से यह हादसा नहीं हुआ हैं। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए रास्ते को बंद कर दिया गया था, जिससे यातायात बाधित रहा। हालांकि, कुछ देर बाद इसे सुचारु रूप से खोल दिया गया है।
Created On :   23 Feb 2026 6:40 PM IST












