भीषण सड़क हादसा: MP के ग्वालियर में तेज रफ्तार कार ने कांवड़ यात्रियों को कुचला, 4 की मौत, जानें कैसे हुई इतनी बड़ी दुर्घटना?

- ग्वालियर में बड़ा सड़क हादसा
- तेज रफ्तार कार ने मारी कांवड़ियों को टक्कर
- 3 की मौके पर और 1 की इलाज के दौरान मौत
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बड़ी खबर सामने आई है। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे (शिवपुरी लिंक रोड) पर 4 कांवड़ यात्री भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। सड़क किनारे चल रहे कांवड़ियों को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों ने अपनी जान गंवा दी। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना बीती रात करीब एक बजे हुई। इस बात की जानकारी मिलते ही पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तब 3 लोगों की तो मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, 1 की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।
तेज रफ्तार कार ने कांवड़ियों को कुचला
हादसे पर नगर पुलिस अधीक्षक हिना खान ने अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि शीतला माता हाईवे पर एक हादसा हुआ है जिसमें कुछ कांवड़ यात्री एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को इलाज के लिए JH में भर्ती कराया गया था, जिनमें से 1 व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों के परिवार ने बताया कि कुल 13 लोग थे, जिनमें से 6 लोग घायल हुए और 4 की मौत हो गई।
कैसे हुई इतनी बड़ी दुर्घटना?
हिना खान ने बताया कि कार का टायर फट गया था जिससे वह अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चल रहे कांवड़ यात्रियों से टकरा गई। हमें दुर्घटनास्थल पर गाड़ी मिली। गाड़ी के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। हमने मालिक की भी पहचान कर ली है।
Created On :   23 July 2025 9:40 AM IST