Manipur Earthquake: भूकंप के झटकों से हिली मणिपुर की धरती, 5.2 की तीव्रता से आया भूकंप

- मणिपुर में भूकंप
- दो बार हिली धरती
- हताहत होने की जानकारी नहीं
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के राज्य मणिपुर में बुधवार (28 मई) को भूकंप के झटकों से धरती कांपी। दो बार झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक, चुराचांदपुर जिले में भूकंप की तीव्रता 5.2 मापी गई। भारत के समय के अनुसार, यहां रात 1:54 बजे भूकंप आया। NCS ने जानकारी दी कि भूकंप का केंद्र 24.46° उत्तरी अक्षांश और 93.70° पूर्वी देशांतर पर था। साथ ही, इसकी गहराई 40 किलोमीटर दर्ज की गई।
घर से निकले लोग
जब भूकंप आया तब ज्यादातर लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे। अचानक से धरती हिलने लगी जिससे लोग फौरन अपने घरों से बाहर की तरफ निकल आए। फिलहाल किसी के भी हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। मालूम हो कि इससे पहले मणिपुर में करीब दो बजे भूकंप आया। जिसकी तीव्रता 2.5 थी।
कच्छ में भी आया था भूकंप
आपको बता दें कि, 14 मई की शाम गुजरात के कच्छ में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इसकी तीव्रता 3.4 दर्ज की गई थी। इस भूकंप के चलते किसी की जान और संपत्ति को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ था।
2001 में कच्छ में मची तबाही
साल 2001 में कच्छ में भीषण भूकंप आया था जिसने भयानक तबाही मचा दी थी। इस विनाशकारी भूकंप में 14 हजार के आस-पास लोगों की मौत गई थी। वहीं, 1.67 लाख से भी ज्यादा लोग जख्मी हुए थे। इस भूकंप के बाद से स्थानीय प्रशासन और लोगों ने भूकंप से लड़ने के लिए तैयारी पर ज्यादा जोर डाला।
Created On :   28 May 2025 9:29 AM IST