पोकरण परमाणु परीक्षण की 28वीं वर्षगांठ: पीएम मोदी ने कहा दुनिया की कोई ताकत भारत को झुका नहीं सकती

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर एक प्रोग्राम को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा आज का दिन एक और वजह से भी विशेष है। 11 मई, 1998 यानी आज के ही दिन देश ने पोखरण में परमाणु परीक्षण किया था। देश ने 11 मई को पहले 3 परमाणु परीक्षण किए।
पीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा हमारे वैज्ञानिकों ने भारत के सामर्थ्य को, भारत की क्षमता को दुनिया के सामने रखा। दुनिया में तूफान आ गया कि भारत कौन होता है, उसकी ये हैसियत, जो परमाणु परीक्षण करें। दुनिया भर की शक्तियां भारत को दबोचने के लिए मैदान में उतरी, अनेक प्रकार के बंधन लग गए, आर्थिक संभावनाओं के सारे रास्ते बंद कर दिए गए। 11 मई के बाद दुनिया हम पर टूट पड़ी थी। लेकिन 13 मई को फिर 2 और परमाणु परीक्षण हुए थे। उससे दुनिया को पता चला था कि भारत की राजनीतिक इच्छाशक्ति कितनी अटल है। उस टाइम पर पूरी दुनिया का दबाव भारत पर था। लेकिन अटल के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने दिखाया था कि हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है। दुनिया की कोई ताकत भारत को झुका नहीं सकती।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा दुनिया की कोई ताकत भारत को झुका नहीं सकती, देश ने पोखरण परमाणु परीक्षण को ऑपरेशन शक्ति नाम दिया था क्योंकि शिव के साथ शक्ति की आराधना हमारी परंपरा रही है, चंद्रयाण मिशन में चंद्रमा पर जहां भारत का रोवर लैंड हुआ उस जगह का नाम भी हमने शिव शक्ति प्वाइंट रखा है क्योंकि हमारी आस्था में चंद्रमा शिव से जुड़े हैं।
आज पूरे देश में गर्व और सम्मान के साथ पोकरण परमाणु परीक्षण की 28वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। भारतीय वैज्ञानिकों और सेना ने एपीजे अब्दुल कलाम की निगरानी में बेहद गोपनीय तरीके से 11 मई और 13 मई 1998 को पोकरण के खेतोलाई में सफल परमाणु परीक्षण किया। तपते रेगिस्तान में हुए परमाणु परीक्षणों ने भारतवासियों के मन में आत्मविश्वास और गौरव की भावना को मजबूत किया था, एवं भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। भारत के परमाणु परीक्षण से दुनिया हिल गई थी। सफल परीक्षण के बाद तत्कालीन पीएम वाजपेयी ने कहा था- ‘आज बुद्ध मुस्कुरा रहे हैं। पीएम का बयान भारत की शक्ति, शांति और आत्मविश्वास का प्रतीक बन गया।
Created On :   11 May 2026 1:42 PM IST












