Himachal Pradesh Accident: चंबा में बड़ी सड़क दुर्घटना, खाई में गिरी गाड़ी, 6 लोगों की मौत, 4 घायल

डिजिटल डेस्क, शिमला। हिमाचल प्रदेश के चंबा-नूरपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में गुजरात के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा ककीरा क्षेत्र के पास हुआ जहां तेज बारिश और आंधी के कारण सड़क बहुत फिसलन भरी हो गई थी। बताया जा रहा है कि पर्यटक इनोवा क्रिस्टा कार में मनाली से डलहौजी घूमने जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा भेजा गया है।
तेज बारिश में खाई में गिरी कार
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ। उस समय इलाके में तेज बारिश और आंधी चल रही थी। खराब मौसम के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी। इसी दौरान इनोवा क्रिस्टा कार नियंत्रण खो बैठी और सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई।
छह लोगों की मौके पर मौत
हादसा इतना भयानक था कि छह लोगों की मौके पर ही जान चली गई। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। मृतकों में गुजरात के रहने वाले ललित भाई फटनानी, ममता बेन, काजल, दियांश और प्रियंक कनहिया लाल शामिल हैं। एक अन्य मृतक जसवंत सिंह मंडी जिले के रहने वाले थे।
यह भी पढ़े -CM सुवेंदु अधिकारी के सलाहकार होंगे पूर्व IAS सुब्रत गुप्ता, राज्यपाल से मिली मंजूरी, SIR के दौरान संभाली मिली थी अहम जिम्मेदारी
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक चंबा भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। घायल लोगों का इलाज जारी है और पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
Created On :   11 May 2026 11:34 AM IST













