तमिलनाडु में नई सरकार: टीवीके चीफ विजय ने विधानसभा में विधायक की ली शपथ, एक दिन पहले ली थी सीएम पद की शपथ

टीवीके चीफ विजय ने विधानसभा में विधायक की ली शपथ, एक दिन पहले ली थी सीएम पद की शपथ
10 मई को टीवीके चीफ विजय ने तमिलनाडु राज्य के नए सीएम के तौर पर शपथ ली, उसके एक दिन बाद आज विधानसभा में विजय ने पेरम्बूर विधानसभा क्षेत्र से विधायक के तौर पर शपथ ली।

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु विधानसभा के पहले सत्र में विधानसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली। विजय के शपथ लेने के बाद टीवीके के वरिष्ठ नेता एन. आनंद ने टी नगर विधानसभा सीट से विधायक के तौर पर शपथ ली जबकि आधव अर्जुन ने विल्लीवाक्कम सीट से विधायक के तौर पर शपथ ली। इस दौरान विधानसभा में काफी उत्साह का माहौल बना रहा था क्योंकि नए चुने गए सदस्य पहली बार सदन में आए थे। टीवीके ने पहले ही विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल कर सत्ता हासिल कर ली।

प्रोटेम स्पीकर करुपैया ने कार्यवाही के दौरान सदन को संबोधित करते हुए नए सदस्यों को बधाई दी और उनसे पूरी लग्न से लोगों की भलाई के लिए काम करने का आह्वान किया। प्रोटेम स्पीकर ने आगे कहा कि कई मुश्किलों और बाधाओं के बावजूद नए नेतृत्व ने चुनौतियों का सामना किया है और लोगों का भरोसा जीता है। जनता ने हमें उनकी सेवा करने के लिए चुना है। हर मेंबर इस जिम्मेदारी को समझें और लोगों के लिए पूरी ईमानदारी से काम करें।

करुपैया ने कहा कि नई सरकार को पेरियार, कामराज, वेलू नाचियार और अंजलाई अम्माल जैसे नेताओं के आदर्शों और सिद्धांतों का पालन करते हुए कार्य करना चाहिए और साथ ही शासन में तर्कवादी व सोशल जस्टिस के मूल्यों को भी कायम रखना चाहिए।

आपको बता दें बीते दिन 10 मई को मदर्स डे के मौके पर विजय ने तमिलनाडु मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी, उसके बाद उन्होंने कल ही राज्यपाल से मिलकर प्रोटेम स्पीकर निुयुक्त कर उनकी शपथ दिलवाई, उसके एक दिन बाद नवनिर्वाचित विधायकों के लिए शपथ ग्रहण समारोह विधानसभा हॉल में प्रोटेम स्पीकर करुपैया की अगुवाई में संपन्न हुआ, प्रोटेम स्पीकर ने विधानसभा सदस्यों को शपथ दिलाई। इस कार्यवाही के साथ ही सदन में तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के बाद नई विधानसभा की औपचारिक शुरुआत हुई।

आपको बता दें 234 विधानसभा सीट वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीट जीतकर वहां की सबसे बड़ी पार्टी बनी,हालांकि वह बहुमत से दूर थी, लेकिन अन्य दलों के सहयोग से टीवीके ने बहुमत के आंकड़े को पार किया, और सरकार बनाई।

विजय ने पेरम्बूर विधानसभा सीट से विधायक के तौर पर शपथ ली। टीवीके चीफ ने चुनावों में पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट, दोनों सीटों से जीत हासिल करने के बाद पेरम्बूर सीट को ही अपने पास रखने का डिसीजन लिया। पेरम्बूर से प्रतिनिधि के तौर पर बने रहने के अपने फैसले के बाद उन्होंने त्रिची ईस्ट विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया, अब वहां उपचुनाव होगा।

Created On :   11 May 2026 12:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story