Shehzad Poonawalla News: 'अब प्राइवेट नौकरी करूंगा', शहजाद पूनावाला ने बीजेपी छोड़ने की बताई बड़ी वजह

अब प्राइवेट नौकरी करूंगा, शहजाद पूनावाला ने बीजेपी छोड़ने की बताई बड़ी वजह
शहजाद पूनावाला ने बताया है कि उन्होंने बीजेपी से इस्तीफा इसलिए दिया है क्योंकि वित्तीय मजबूरियां बढ़ रही थीं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शहजाद पूनावाला काफी लंबे समय तक बीजेपी के चर्चित प्रवक्ताओं में से एक रहे हैं। वह टीवी और सोशल मीडिया पर भी पार्टी की बात मजबूती से रखते थे लेकिन अब उन्होंने पार्टी की जिम्मेदारी छोड़ दी है। उनके इस फैसले ने काफी लोगों को हैरान कर दिया है। शहजाद पूनावाला ने एनडीटीवी से बातचीत करते हुए बताया है कि इसके पीछे सिर्फ राजनीति ही नहीं बल्कि घर और परिवार की जरूरतें भी हैं। उनका कहना है कि पार्टी के काम में पूरा समय देने की वजह से उनके पास कमाई का कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था। साथ ही उनकी सेविंग्स भी धीरे-धीरे खत्म हो रही थीं और मां की देखभाल के साथ परिवार की जिम्मेदारी भी उनके सामने थी।

पैसे की परेशानी बनी बड़ी वजह

शहजाद पूनावाला ने बातचीत करते हुए बताया कि राजनीति में रहते हुए उन्हें घर चलाने में परेशानी होने लगी थी। घर का किराया, रोज के खर्च और दूसरी जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा था। उन्होंने कहा कि बीजेपी के काम में पूरा समय देने की वजह से वह कोई दूसरी नौकरी या काम नहीं कर पा रहे थे। पहले की बचत से खर्च चल रहा था, लेकिन वह पैसा भी खत्म हो गया। शहजाद के मुताबिक, उनकी मां का कुछ समय पहले एक्सीडेंट हुआ था। ऐसे समय में वह उनके साथ रहकर उनकी मदद करना चाहते हैं। साथ ही उनका मानना है कि परिवार के लिए समय देना भी जरूरी है। इसी वजह से उन्होंने 30 जुलाई को अपना इस्तीफा दिया और बातचीत के बाद पार्टी ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया। शहजाद ने यह भी कहा कि पार्टी से अलग होने का मतलब यह नहीं है कि उनकी सोच बदल गई है। वह अब भी बीजेपी की विचारधारा और पीएम नरेंद्र मोदी के समर्थक हैं।

अब नौकरी करेंगे, सोशल मीडिया पर भी बोलेंगे

शहजाद ने बताया कि अब वह प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करने की कोशिश करेंगे। वह पहले भी कॉरपोरेट क्षेत्र में काम कर चुके हैं और उनका कहना है कि फिलहाल किसी खास कंपनी का फैसला नहीं हुआ है। इसके साथ ही वह सोशल मीडिया और मीडिया में अपनी बात पहले से ज्यादा खुलकर रखेंगे और पार्टी की जिम्मेदारी खत्म होने के बाद उन पर कई तरह की पाबंदियां भी नहीं रहेंगी। शहजाद ने बीजेपी को युवाओं से जुड़ने की सलाह भी दी है। उनके अनुसार, पार्टी को युवाओं की भाषा और नए डिजिटल प्लेटफॉर्म को ज्यादा अपनाना चाहिए।

Created On :   19 Aug 2026 12:18 PM IST

Tags

Next Story