Kiren Rijiju News: अरुणाचल प्रदेश में चीन कर रहा घुसपैठ? इस पर सरकार ने दिया रिएक्शन, फेक वीडियोज से बचने की दी सलाह

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश में चीन के 60 किमी अंदर तक आने की खबरों को केंद्र सरकार ने गलत बता दिया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने 19 अगस्त को कहा है कि सीमा को लेकर परेशानी जरूर है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि चीन ने भारत के किसी भी गांव पर कब्जा कर लिया है। उनके मुताबिक, दोनों देशों के बीच कुछ जगहों पर सीमा की सही पहचान अभी नहीं हुई है। इस वजह से ही कुछ इलाकों को लेकर दोनों तरफ से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से बिना किसी जांच के ऐसी खबरें और वीडियो को आगे बढ़ाने की अपील की है। सरकार ने यह भी कहा है कि सीमा पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।
चीन के 60 किलोमीटर अंदर आने की बात गलत
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि चीन के भारतीय इलाके में 60 किलोमीटर तक घुस आने की बात सही नहीं है। उन्होंने बताया है कि अरुणाचल प्रदेश के कुछ सीमावर्ती गांवों के लोगों ने सीमा को लेकर चिंता जताई है। उनकी चिंता को सरकार गंभीरता से देखती है लेकिन सीमा की स्थिति को चीन के किसी गांव पर कब्जे से जोड़ना सही नहीं है। कुछ इलाकों की सीमा अभी साफ तरीके से तय नहीं हुई है। इसी कारण उन जगहों पर दोनों देशों के दावे अलग-अलग हैं।
यह भी पढ़े -जम्मू-कश्मीर भारत का ‘महत्वपूर्ण हिस्सा’, ट्रैवल एडवाइजरी पर फिर विचार करेगा अमेरिका अमेरिकी राजदूत
गलत खबरों से बचने की अपील
रिजिजू ने लोगों को ऐसी तस्वीरों और वीडियो से सावधान रहने को कहा है, जिनका भारत-चीन सीमा से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा है कि कुछ लोग दूसरी जगहों की तस्वीरें या वीडियो दिखाकर यह दावा कर रहे हैं कि चीनी सैनिक अरुणाचल में काफी अंदर आ गए हैं। इससे लोगों के बीच गलत जानकारी फैलती है। उनके मुताबिक, ऐसी बातें सीमा पर काम कर रहे सैनिकों और सुरक्षा बलों का हौसला भी कम कर सकती हैं इसलिए किसी खबर को आगे भेजने से पहले फैक्ट चेक करना जरूरी है।
यह भी पढ़े -वैश्विक निवेशकों को भरोसा देने के साथ कर आधार की सुरक्षा भी जरूरी, भारत को बनाना होगा संतुलन वरिष्ठ आयकर अधिकारी
सीमा पर सुरक्षा बढ़ाई गई
रिजिजू ने बताया है कि भारत ने सीमा वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। इसी बीच सरकार ने अरुणाचल प्रदेश की 27 जगहों और दूसरी भौगोलिक जगहों के नाम सरकारी नक्शों में तय नामों के साथ दर्ज करने का फैसला किया है। भारत पहले भी साफ कर चुका है कि अरुणाचल प्रदेश देश का हिस्सा है और भारत का कहना है कि सीमा पर शांति बनाए रखना दोनों देशों के रिश्तों के लिए जरूरी है।
Created On :   19 Aug 2026 6:30 PM IST












