UP News: लखनऊ में स्वाइन फ्लू से पहली मौत, महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, रिपोर्ट सामने आते ही अस्पताल में मचा हड़कंप

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर चिंता बढ़ गई है। लखनऊ में इस सीजन में इस बीमारी से पहली मौत हुई है। इंदिरानगर की रहने वाली 50 साल की महिला ने गुरुवार को बलरामपुर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कुछ दिन पहले महिला को सर्दी, खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी हुई थी। परिवार ने पहले उनका इलाज एक निजी अस्पताल में कराया। जांच में स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। बलरामपुर अस्पताल पहुंचने के बाद उनकी हालत और बिगड़ गई। काफी कोशिश के बाद भी डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
यह भी पढ़े -बीजेपी के दबाव के आगे झुके बी. नागेंद्र! मंत्री पद से इस्तीफे की पेशकश, क्यों लेना पड़ा ये फैसला?
मौत के बाद सामने आई रिपोर्ट
महिला को 25 अगस्त को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि उस समय परिवार ने डॉक्टरों को स्वाइन फ्लू की पॉजिटिव रिपोर्ट के बारे में नहीं बताया। अस्पताल में महिला की सांस लेने में परेशानी बढ़ती गई। हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें ऑक्सीजन और जरूरी मशीनों की मदद दी गई। गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिवार ने डॉक्टरों को मोबाइल में पुरानी जांच रिपोर्ट दिखाई। रिपोर्ट देखते ही अस्पताल में सावधानी बढ़ा दी गई। महिला के आसपास इलाज करा रहे मरीजों के भी सैंपल लिए गए।
डॉक्टरों और मरीजों की जांच
महिला के इलाज में लगे 17 डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों के सैंपल जांच के लिए KGMU भेजे गए हैं। कुछ मरीजों के नमूने भी लिए गए हैं। महिला के इलाज में शामिल स्टाफ को कुछ समय अलग रहने की सलाह दी गई है, ताकि संक्रमण का खतरा कम किया जा सके। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि महिला की पॉजिटिव रिपोर्ट किस तरह की जांच से आई थी, इसकी जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि संक्रमण की सही पुष्टि के लिए एलाइजा जांच की रिपोर्ट जरूरी है।
यह भी पढ़े -युवा, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर बोले बीजेपी, कांग्रेस नेताओं ने इन मुद्दों पर साथ देने और तालिया बजाने की कही बात
संपर्क में आए लोगों पर नजर
स्वास्थ्य विभाग अब महिला के परिवार और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रहा है। टीम यह भी पता करेगी कि पिछले कुछ दिनों में महिला कहां गई थीं और किन लोगों से मिली थीं। परिवार के बाकी सदस्यों को फिलहाल अलग रहने की सलाह दी गई है। उन्हें जरूरी दवाएं भी दी जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि अगर किसी को बुखार, सर्दी, खांसी या सांस लेने में दिक्कत हो तो बिना देरी जांच कराएं।
Created On :   28 Aug 2026 12:52 PM IST












