विजयादशमी पर मातम!: फतेहपुर में दुर्गा विसर्जन के बाद दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से 3 की गई जान, दो सुरक्षित

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। पूरा देश विजयादशमी को धूमधाम से मना रहा है। इस बीच उत्तर प्रदेश से एक दुखद खबर सामने आई है। फतेहपुर जिले के खागा थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद एक बड़ा हादसा हो गया। तालाब में नहाने पहुंचे 5 लोग डूबने लगे। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन की जान चली गई। इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने मृतकों के परिजनों से बातचीत की और उन्हें हर संभव सहायता देने की बात कही।
यह भी पढ़े -दुर्गा विसर्जन की तैयारियां पूरी, उपराजधानी के इन तीन स्थानों पर होगा 763 प्रतिमाओं का विसर्जन
विसर्जन व्यवस्था पर SP ने क्या कहा?
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 20 अक्टूबर को खागा थाना क्षेत्र में लगभग 222 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होना था, जिनमें से करीब 150 प्रतिमाओं का विसर्जन मंगलवार को प्रस्तावित था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जुलूसों और निर्धारित विसर्जन घाटों पर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी।
उन्होंने आगे बताया कि ग्राम खुशियारीपुर, मरजे चक कटोगन में स्थापित दो दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के नौबस्ता घाट पर तय किया गया था। पुलिस की मौजूदगी में जुलूस घाट की ओर बढ़ रहा था। इस बीच एक प्रतिमा के साथ चल रहे कुछ लोग निर्धारित स्थान से दूर गांव के तालाब पर पहुंचे, जहां उन्होंने माता की प्रतिमा का विसर्जन किया।
यह भी पढ़े -झारखंड के लोहरदगा और हजारीबाग में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसक झडपों में कई घायल, हालात तनावपूर्ण
घटना पर बोले पुलिस अधिकारी
फतेहपुर एसपी ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के बाद कुछ लोग तालाब में नहाने पहुंचे। इस दौरान 5 लोगों के तालाब में डूबने की जानकारी मिली। इसके बाद मौके पर पीआरवी टीम पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, काफी प्रयासों के बाद तीन लोगों को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सीएचसी हरदो भेज दिया गया, जहां तीनों की मौत हो गई।
वहीं, पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित स्थानों पर ही करें। साथ ही तालाबों और विसर्जन घाटों के आसपास नहाने से बचने की सलाह दी है।
Created On :   21 Oct 2026 12:10 AM IST












