मौसम अपडेट: यूपी में फिर बदलेगा मौसम, मुजफ्फरनगर से सहारनपुर तक बारिश और आंधी का अलर्ट

यूपी में फिर बदलेगा मौसम, मुजफ्फरनगर से सहारनपुर तक बारिश और आंधी का अलर्ट
देश के कई हिस्सों में आज तेज बारिश और आंधी का दौर रहेगा। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा है, जबकि कुछ जगह फसलों को नुकसान हो सकता है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून का असर बना हुआ है। आज यानी 2 सितंबर को कई राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 21 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। कुछ जगह हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बताया गया है। उत्तर और पूर्वी भारत में कई नदियों का पानी बढ़ सकता है। इससे निचले इलाकों में परेशानी बढ़ने की आशंका है। तेज हवा से खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान हो सकता है। कुछ जगह ओले पड़ने की संभावना भी है।

ओडिशा से बंगाल तक बन सकता है कम दबाव का क्षेत्र

अगले 48 घंटे में उत्तर ओडिशा और झारखंड के रास्ते पश्चिम बंगाल तक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके कारण आसपास के इलाकों में बारिश बढ़ सकती है। पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में भी तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

दिल्ली में शाम तक आंधी-बारिश का अनुमान

दिल्ली में आज देर शाम तक बारिश के साथ तेज आंधी चल सकती है। हवा करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है। राजधानी में दिन का तापमान करीब 32 डिग्री और रात में 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

यूपी के कई जिलों में तेज हवा का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। इनमें मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, आजमगढ़, सोनभद्र, महाराजगंज, मिर्जापुर, बलिया, देवरिया, सिद्धार्थनगर, मुरादाबाद, कानपुर, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, बहराइच, कन्नौज, प्रयागराज, गोरखपुर और कुशीनगर शामिल हैं। इन जगहों पर हवा 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती है। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Created On :   2 Sept 2026 8:50 AM IST

Tags

Next Story