प्रचंड बहुमत की ओर NDA, पीएम मोदी ने तोड़ा राजीव गांधी का ये रिकॉर्ड

Lok sabha election 2019 pm narendra modi break rajiv gandhi record
प्रचंड बहुमत की ओर NDA, पीएम मोदी ने तोड़ा राजीव गांधी का ये रिकॉर्ड
प्रचंड बहुमत की ओर NDA, पीएम मोदी ने तोड़ा राजीव गांधी का ये रिकॉर्ड

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सरकार बनाकर इतिहास रचेंगे। 2014 में पहली बार पूर्ण बहुमत हासिल करने वाली भाजपा अब उससे भी बड़ी जीत की तरफ बढ़ रही है। भाजपा की जीत इतनी विशाल है कि 1984 चुनाव का पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। देश के इतिहास में पंडित जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद नरेंद्र मोदी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने वाले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। 

राजीव गांधी का ये रिकॉर्ड तोड़ा

अब तक जो रूझान सामने आ रहे है उनके मुताबिक भाजपा 300 पार जाती दिखाई दे रही है। इस तरह बीजेपी 2014 के 282 सीटों के रिकॉर्ड भी तोड़ती नजर आ रही है। वहीं वोट प्रतिशत से भी भाजपा आगे चल रही है। उसके खाते में 50 फीसदी से ज्यादा वोट शेयर आता दिखाई दे रहा है। इस जादुई आकंड़े को आजाद भारत के आम चुनाव में  कोई भी पार्टी छू नहीं पाई है। अब तक सबसे ज्यादा वोट शेयर पाने का रिकॉर्ड पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम था। 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पूरे देश में एकतरफा जीत हासिल की थी। तब कांग्रेस ने 48.1 फीसदी वोट शेयर के साथ 415 सीटों पर जीत दर्ज की थी। अब मोदी को 50 फीसदी से ज्यादा वोट शेयर मिला है।

दूसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार

बता दें कि नरेन्द्र मोदी ने दूसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार के साथ प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। इससे पहले भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने लगातार तीन बार और इंदिरा गांधी ने लगातार दो बार कांग्रेस को पूर्ण बहुमत दिलाकर सरकार बनाई थी। नेहरू ने 1952, 1957 और 1962 का चुनाव जीत था। वहीं, इंदिरा गांधी ने 1967 और 1971 का चुनाव पूर्ण बहुमत के साथ जीता था। मोदी ने अब इंदिरा की बराबरी कर ली है। 2014 में उनके नेतृत्व में भाजपा ने 282 सीटें जीती थीं। इस बार भी वह लगभग 300 सीटें जीत रही है। 

 

Created On :   23 May 2019 1:01 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story