World Yogasana Championship 2026: विश्व योगासन चैंपियनशिप में मेजबान भारत की शानदार शुरुआत, 5 गोल्ड मेडल किए अपने नाम

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। भारत की मेजबानी में खेले जा रहे पहले विश्व योगासन चैंपियनशिप में मेजबान टीम ने शानदार शुरुआत की है। अहमदाबाद में आयोजित इस टूर्नामेंट में भारत ने पहले 6 में से 5 स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए हैं। पश्चिम बंगाल के अभय बर्मन (सीनियर पुरुष) और रितु मंडल (सीनियर महिला) ने पारंपरिक योगासन श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता। बर्मन ने 63.42 स्कोर के साथ विश्व योगासन चैंपियनशिप में देश को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। इंडोनेशिया के अर्कान रियांतो (57.23) ने रजत और उज्बेकिस्तान के एलन ने 53.21 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
रितु मंडल ने सीनियर महिला श्रेणी में देश के लिए एक और स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 64.33 स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कजाकिस्तान की ऐजान कुआनिशबायेवा (58.97) ने रजत और हांगकांग की लैम नगा मान (56.98) ने कांस्य पदक जीता।
जीत के बाद क्या बोले विजेता?
स्वर्ण पदक जीतने के बाद बर्मन ने कहा, "भारत के लिए पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप में पहला स्वर्ण पदक जीतना एक ऐसा पल है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा। इतने जोशीले समर्थकों के सामने अपने देश में मुकाबला करने से मुझे बहुत आत्मविश्वास मिला। मुझे इस ऐतिहासिक आयोजन में भारत की मजबूत शुरुआत में योगदान देने पर गर्व है।"
वहीं एक और गोल्ड मेडल विनर रितु मंडल ने कहा, "यह चैंपियनशिप हर योगासन एथलीट के लिए एक यादगार पल है। भारत के लिए पदक जीतना एक सपने के सच होने जैसा है। मैंने 12 साल की उम्र में प्रशिक्षण शुरू किया था। आठ साल की कड़ी मेहनत के बाद इस उपलब्धि को हासिल करना बेहद खास है। मैं अपने कोच, मैनेजर और पूरी टीम को इस पूरे सफर में मेरा मार्गदर्शन करने और मेरा साथ देने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं।"
इस कैटेगरी में नहीं मिला गोल्ड
भारत को सीनियर ए मेंस कैटेगरी में निराशा हाथ लगी। यह एकमात्र ऐसा इवेंट रहा जिसमें भारत को कोई स्वर्ण पदक नहीं जीत पाया। इस कैटेगरी में सिंगापुर के नैथेनियल टैन लिओंग एन ने 55.37 अंक के साथ स्वर्ण, तंजानिया के करीमू स्वाफी ने 54.99 अंक के साथ रजत और भारत के सुमीर गनावली ने 54.00 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, आयुष मंत्रालय, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई), स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात, गुजरात पर्यटन और गुजरात योगासन खेल एसोसिएशन के समर्थन से हो रही विश्व योगासन चैंपियनशिप योगासन को एक वैश्विक खेल के तौर पर स्थापित करने के लिए आयोजित किया गया है। इसका आयोजन 4 से 8 जून तक होना है।
Created On :   5 Jun 2026 9:53 PM IST









