सौगात: नागपुर को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, 100 करोड़ की परियोजना को मिली मंजूरी

नागपुर को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, 100 करोड़ की परियोजना को मिली मंजूरी
  • 300 लड़कों व 300 लड़कियों ने होगा होस्टल
  • अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनेगा
  • 100 करोड़ रुपए की परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दे दी
  • सरकार ने निविदा प्रक्रिया में विशेष शर्त भी रखी है

Nagpur News. जिले में खेल सुविधाओं के विकास को बड़ी गति मिलने जा रही है। राज्य सरकार ने जिला क्रीड़ा संकुल (स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) के निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपए की परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। स्कूल शिक्षा एवं खेल विभाग ने इस संबंध में शासन निर्णय जारी कर दिया है। परियोजना के पूरा होने के बाद खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।राजस्व मंत्री एवं जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के लगातार प्रयासों के बाद इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी मिली है। यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

छात्रावास सुविधा

योजना के तहत 300 लड़कों और 300 लड़कियों के लिए अलग-अलग सुसज्जित छात्रावास बनाए जाएंगे। इसके अलावा बहुउद्देशीय इंडोर हॉल, 20 मीटर और 50 मीटर की शूटिंग रेंज, 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, हॉकी के लिए एस्ट्रोटर्फ मैदान, सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट, 70 मीटर आर्चरी रेंज, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल मैदान, मिनी गोल्फ सुविधा, आधुनिक जिम, सौर ऊर्जा परियोजना, चेंजिंग रूम तथा जलापूर्ति जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

बजट का प्रावधान

इस परियोजना को 20 मई 2026 को उच्चस्तरीय सचिव समिति की मंजूरी मिली थी। इसके बाद 25 जून 2026 को राज्य मंत्रिमंडल ने भी इसे स्वीकृति प्रदान की थी। अब प्रशासनिक मंजूरी मिलने के साथ ही परियोजना के क्रियान्वयन का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए आवश्यक संपूर्ण राशि स्कूल शिक्षा एवं खेल विभाग के बजटीय प्रावधान से उपलब्ध कराई जाएगी।

गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने निविदा प्रक्रिया में विशेष शर्त भी रखी है। मुख्य ठेकेदार को खेल अवसंरचना निर्माण में अनुभवी एजेंसी के साथ संयुक्त उपक्रम (जॉइंट वेंचर) बनाकर ही निविदा प्रस्तुत करनी होगी। इससे परियोजना के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित होने की उम्मीद है।

चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में नागपुर के खेल विकास को नई दिशा मिल रही है। इस परियोजना से नागपुर देश के प्रमुख खेल केंद्रों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा। साथ ही विदर्भ के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Created On :   15 July 2026 5:39 PM IST

Tags

Next Story