- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- महापौर नीता ठाकरे ने कहा -...
लक्ष्य: महापौर नीता ठाकरे ने कहा - दिव्यांगों के व्यवसाय के लिए उपलब्ध स्थान चिन्हित करें, 100 से 200 वर्गफुट स्थान उपलब्ध कराने का निर्देश

Nagpur News. दिव्यांग नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा, उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा दिव्यांगों से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समिति गठन करने के निर्देश महापौर नीता ठाकरे ने दिए। मंगलवार को मनपा सभागृह में आयोजित बैठक में उन्होंने दिव्यांगों को व्यवसाय के लिए 100 से 200 वर्गफुट स्थान उपलब्ध कराने हेतु मनपा, नागपुर सुधार प्रन्यास (एनआईटी) और नजूल विभाग के समन्वय से उपयुक्त स्थानों की पहचान कर उन्हें चिन्हित करने के निर्देश दिए।
महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि दिव्यांगों को स्वरोजगार के लिए 200 वर्गफुट स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर में उपलब्ध मनपा, एनआईटी, नजूल विभाग तथा अन्य सरकारी संस्थाओं की भूमि का सर्वे कर चिन्हांकन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बस स्टैंड, उद्यान सहित अन्य उपयुक्त स्थानों को अधिकृत रूप से दिव्यांगों को व्यवसाय के लिए उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभागों को भेजा जाए।
यह भी पढ़े -एशियन गेम्स से ज्यादा मुश्किल क्यों है कॉमनवेल्थ गेम्स? भारत के 400 मीटर धावकों ने बताई वजह
उन्होंने शहर के सभी दिव्यांग नागरिकों को संपत्ति कर में 50 प्रतिशत की रियायत देने के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। साथ ही वर्ष 2016 से दिव्यांगों को मिलने वाली दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता में 95 हजार रुपये की वृद्धि कर चरणबद्ध तरीके से वितरित करने संबंधी प्रस्ताव भी संबंधित विभाग से तत्काल प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में स्थायी समिति की सभापति शिवानी दाणी, दुर्बल घटक समिति की सभापति लक्ष्मी हत्तीठेले, नगरसेवक दिनेश यादव, मनपा के अतिरिक्त आयुक्त मुरुगानंथम एम., मिलिंद मेश्राम, उपायुक्त डॉ. रंजना लाडे, उपायुक्त मंगेश खवले, मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी सदाशिव शेलके, सहायक आयुक्त सुनील कावले, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पीयूष आंबुलकर, शिक्षणाधिकारी वंदना महाजन, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपक सेलोकर, कार्यकारी अभियंता अल्पना पाटणे, अश्विनी येलचेटवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Created On :   14 July 2026 9:13 PM IST











