- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- लाडकी बहन योजना से 92 लाख महिलाएं...
योजना पर बड़ा बयान: लाडकी बहन योजना से 92 लाख महिलाएं बाहर, वडेट्टीवार बोले- चुनाव जीतने के बाद सरकार ने किया विश्वासघात

Nagpur News. महाराष्ट्र की महायुति सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना’ को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने सरकार पर आरोप लगाया कि चुनावी फायदा लेने के बाद अब लाखों महिलाओं को योजना से बाहर कर दिया गया है। सोमवार को पत्रकारों से चर्चा में वडेट्टीवार ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को बड़े पैमाने पर योजना का लाभ दिया गया, लेकिन सत्ता में लौटने के बाद सरकार ने पात्रता के नए मानदंड लागू कर लाभार्थियों की छंटनी शुरू कर दी। उन्होंने दावा किया कि अब तक करीब 92 लाख महिलाओं को योजना से बाहर किया जा चुका है।
जिम्मेदारी किसकी
वडेट्टीवार ने कहा, चुनाव के समय जिन लाडकी बहनों को सरकार ने सबसे बड़ी ताकत बताया था, आज उन्हीं को अपात्र घोषित किया जा रहा है। यह महिलाओं के साथ विश्वासघात है। सरकार ने राजनीतिक लाभ के लिए योजना का इस्तेमाल किया। अब वित्तीय बोझ का हवाला देकर लाभार्थियों की संख्या कम की जा रही है। सवाल है कि शुरुआत में पात्रता की सही जांच नहीं हुई थी तो उसकी जिम्मेदारी किसकी है। महिलाओं की भावनाओं से जुड़ी योजना को राजनीतिक हथियार बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि बड़े पैमाने पर महिलाओं को योजना से बाहर करने का आधार क्या है।
दरअसल, लोकसभा चुनाव में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद महायुति सरकार ने ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना’ शुरू की थी। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। यह योजना तेजी से लोकप्रिय हुई और विधानसभा चुनाव में भी इसका असर देखने को मिला। हालांकि, बाद में हुई जांच में कुछ अपात्र लाभार्थियों के नाम सामने आए। सरकारी और अर्धसरकारी सेवाओं में कार्यरत महिलाओं द्वारा लाभ लेने के मामले उजागर हुए, वहीं कुछ पुरुषों द्वारा कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के जरिए योजना का लाभ लेने की शिकायतें भी सामने आईं। इसके बाद सरकार ने लाभार्थियों के सत्यापन और छंटनी की प्रक्रिया शुरू की।
Created On :   13 July 2026 7:44 PM IST












